जंगू में सड़क-पुल निर्माण कार्यों का मंत्री एनबी दहाल ने लिया जायजा

मंगन : सिक्किम सरकार के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दहाल ने मंगलवार को जिले के जंगू (Dzongu) विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय पर परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री का यह दौरा राज्यभर में सड़क एवं पुलों की स्थिति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान का हिस्सा था।

जंगू क्षेत्र के फिदांग पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा ने सड़क एवं पुल मंत्री एनबी दहाल का स्वागत किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, ओएसडी, जंगू एसडीएम, बीडीओ, सडक़ एवं पुल विभाग तथा वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ सेना और बीआरओ अधिकारी भी उपस्थित थे।

निरीक्षण की शुरुआत फिदांग-सांगकालांग राजमार्ग से हुई। मंत्री दहाल ने सडक़ की स्थिति और जारी निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं का समय पर निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय होना चाहिए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और आम जनता को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।

इसके बाद मंत्री ने अपर जंगू के कायेम में निर्माणाधीन दो लेन वाले पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री लेप्चा के निरंतर मार्गदर्शन और व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना की। साथ ही मौके पर मौजूद अभियंताओं और निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को कार्य की गति तेज कर पुल का निर्माण यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

मंत्री दहाल ने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। दौरे के क्रम में मंत्री एनबी दहाल ने अपर जंगू के लिंगथेम में निर्माणाधीन थेकुंग मुनसोलोंग की आदमकद प्रतिमा के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि प्रतिमा का निर्माण इस वर्ष दिसंबर के अंत तक पूरा होने की संभावना है।

इस दौरान सड़क एवं पुल मंत्री एनबी दहाल ने लिंगथेम सरकारी जूनियर हाई स्कूल में आयोजित लिंगथेम ल्यांग चैलेंज कप प्रतियोगिता में भी भाग लिया। उनके साथ मंत्री लेप्चा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर जिला पंचायत सदस्य निमचुंग लेप्चा, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जय जय लेप्चा तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics