जोरथांग में मातृ-शिशु सुविधा की नई पहल, स्तनपान केंद्र शुरू

नामची : सालघरी-जूम के विधायक एवं परिवहन तथा कौशल विकास विभाग के सलाहकार मदन सिंचूरी ने सोमवार को जोरथांग में स्तनपान केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। केंद्र की स्थापना का उद्देश्य स्तनपान कराने वाली माताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।

केंद्र की स्थापना नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तमलिंग की निगरानी में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए एनएचपीसी लिमिटेड के रंगीत पावर स्टेशन की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) सहायता से की गई है। जोरथांग के सीडीपीओ प्रबीन सिलाल के अनुसार केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुला रहेगा। रविवार और सरकारी अवकाश के दिन भी केंद्र संचालित होगा। फिलहाल पांच आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को यहां तैनात किया गया है, जो शिफ्ट में माताओं को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगी।

केंद्र में माताओं और शिशुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डायपर, पाउडर, लोशन, हैंडवॉश और बच्चों के डायपर बदलने के लिए अलग स्थान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भविष्य में संचालन के दौरान सामने आने वाली जरूरतों के आधार पर केंद्र को और विकसित किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से केंद्र की स्थापना में योगदान देने वाले अतिथियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित माताओं के प्रति आभार स्वरूप विभाग की ओर से क्षेत्रीय विधायक के माध्यम से उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एनएचपीसी के अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics