नामची : जिला प्रशासन के कामकाज की समीक्षा और सरकारी सेवाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तमलिंग ने सोमवार को जोरथांग स्थित सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य दक्षता की समीक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों के कामकाज और कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय के आधारभूत ढांचे तथा आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। इनमें पुरुष एवं महिला कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं और पर्याप्त जलापूर्ति शामिल हैं। उन्होंने जनसेवाओं के वितरण में सुधार और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सुझाव दिए। कर्मचारियों ने आवश्यक सुविधाओं से संबंधित अपनी मांगें भी रखीं, जिस पर डीसी ने उचित प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद डीसी ने कारफेक्टार में विभिन्न सरकारी विभागों के लिए अधिग्रहण और म्यूटेशन हेतु चिन्हित भूमि के रिकॉर्ड के समेकन और भौतिक सत्यापन को लेकर बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निर्माण एवं आधारभूत ढांचा विकास से जुड़े भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में शामिल संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
No Comments: