गेजिंग : गेजिंग जिले में नार्को कोऑर्डिनेशन कमेटी (एनसीओआरडी) तथा बच्चों में मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम संबंधी समिति की मासिक समीक्षा बैठक डीएसी स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सम्मेलन कक्ष में हाइब्रिड माध्यम से आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता गेजिंग की एडीसी (मुख्यालय) तृप्ति हंगमा सुब्बा ने की। जिला प्रशासनिक केंद्र में कार्यरत समिति के सदस्यों ने बैठक में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि अन्य विभागों के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।
बैठक के प्रारंभ में अध्यक्ष ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की तथा सदस्यों को बैठक के एजेंडे से अवगत कराया। हितधारक विभागों के प्रतिनिधियों ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
विभिन्न विभागों ने समीक्षा अवधि के दौरान चलाए गए प्रवर्तन अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, निरीक्षणों तथा अन्य गतिविधियों की प्रगति से भी अवगत कराया। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा की गई प्रगति की समीक्षा की गई तथा नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस से जुड़े मामलों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई। इसके अलावा जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखरखाव, नष्टकरण एवं डिस्पोजल की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी तृप्ति हांगमा सुब्बा ने मादक पदार्थों से संबंधित मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समयबद्ध कार्रवाई एवं आपसी समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा जिले में रोकथाम एवं प्रवर्तन उपायों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में जन-जागरुकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक के अंत में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई तथा सभी हितधारक विभागों ने गेजिंग जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे की रोकथाम के लिए आपसी समन्वय के साथ निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी नामगे भूटिया, सहायक निदेशक (एसआईबी) अमरजीत सिन्हा, एएसपी सोनम वांगदी भूटिया, उपनिदेशक (शिक्षा) ताशी ओंग्याल भूटिया, उपनिदेशक (कृषि/उद्यानिकी) डॉ कर्मा सी भूटिया, उपनिदेशक (पशुपालन विभाग) कमल प्रधान, उपनिदेशक (खेल एवं युवा कार्य विभाग) बी प्रधान, वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन पदाधिकारी (आरटीओ) राम हांग सुब्बा, समाज न्याय एवं कल्याण विभाग के कल्याण पदाधिकारी प्रणय सुब्बा, जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण पदाधिकारी पालमुला भूटिया, जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ यांगत्शेला डी छेचुथार्पा, आबकारी विभाग के सहायक उपनिरीक्षक सोनम ग्यालछेन, आईटी अनुभाग की सहायक प्रोग्रामर जुसमे गुरुंग, 36वीं बटालियन एसएसबी, यांगते के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
No Comments: