सड़कों की बदहाली पर सख्त हुए मंत्री दहाल, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और संवेदनशील ढलानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश

गंगटोक : पश्चिम सिक्किम में सड़क परियोजनाओं के व्यापक निरीक्षण के बाद राज्य के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दहाल ने दक्षिण सिक्किम का दौरा कर विभिन्न सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण शुरु किया। इस दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मंत्री दहाल ने अपने दौरे की शुरुआत पुतली भीर होते हुए रावांग्ला-दामथांग सडक़ के निरीक्षण से की। उन्होंने सडक़ की वर्तमान स्थिति, जल निकासी व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर ढलानों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने शालाले क्षेत्र से होकर राबोंग-रालांग-फामताम मार्ग तथा रंगीत नदी तक जाने वाली सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और संवेदनशील हिस्सों का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अभियंताओं को तत्काल मरम्मत, सड़क की मजबूती बढ़ाने तथा आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों और वाहनों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ सडक़ एवं पुल विभाग के प्रधान मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता सहित वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही विभिन्न समस्याओं का तकनीकी आकलन किया।

इसी क्रम में मंत्री दहाल ने रावांग्ला स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) सिक्किम परिसर का भी दौरा किया। उन्होंने संस्थान के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर परिसर के आसपास सडक़ संपर्क, पहुंच मार्ग तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की। बैठक में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थान में आने वाले अतिथियों के लिए सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर मंत्री दहाल ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रमुख शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनआईटी सिक्किम से जुड़ी प्राथमिक सडक़ संपर्क और रखरखाव संबंधी आवश्यकताओं को सडक़ एवं पुल विभाग द्वारा पूरा करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics