‘वार्ता’ में गूंजा विकास का संदेश

वाइब्रेंट विलेज से जल जीवन मिशन तक योजनाओं की दी जानकारी

गंगटोक : पीआईबी, गंगटोक और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मंगन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को उत्तर सिक्किम के मंगन में पहली बार ‘वार्ता’ मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ’12 साल : विश्वास के, विकास के, जन-कल्याण के’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंगन के अतिरिक्त जिला कलेक्टर पेमा वांगचेन नामकरपा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मंगन एसडीएम संदीप कुमार, एसडीपीओ रिंकू वोंगमु भूटिया और जिला सूचना अधिकारी राज शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पिछले 12 वर्षों के दौरान लागू विकास परियोजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करना तथा प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय को मजबूत बनाना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पेमा वांगचेन नामकरपा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल के कारण विकास कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हुआ है। उन्होंने पत्रकारों से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने और तथ्यात्मक समाचार प्रकाशित करने की अपील की।

कार्यक्रम के संसाधन व्यक्ति एवं मंगन एसडीएम संदीप कुमार ने मंगन जिले और सिक्किम में पिछले एक दशक के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री के विजन के तहत लागू वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत मंगन जिले के सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे, संपर्क व्यवस्था और आजीविका के साधनों को प्राथमिकता दी जा रही है। उत्तर सिक्किम के कुल 42 गांवों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। अब तक 62 करोड़ रुपये की लागत से 74 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। योजना में केंद्र और राज्य सरकार की वित्तीय हिस्सेदारी 90:10 की है।

कुमार ने बताया कि सीमावर्ती गांवों को विकास के जीवंत केंद्र के रूप में तैयार करने के साथ स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और लोगों के जीवन स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के लिए एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक गांवों में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति देख सकेंगे। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना, नशा मुक्त भारत अभियान और जिले में लागू अन्य योजनाओं की जानकारी भी साझा की। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पुलिस प्रशासन को मादक पदार्थों की जांच से संबंधित किट उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वहीं, जल जीवन मिशन 2.0 की चर्चा करते हुए संदीप कुमार ने बताया कि जिले में शत-प्रतिशत नल जल कवरेज सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। अब तक योजना से वंचित गांवों और छोटी बस्तियों की पहचान कर उन्हें जोड़ा जा रहा है, ताकि कोई भी परिवार सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित आंकड़ों को डिजिटल माध्यम से दर्ज कर वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। इससे पारदर्शिता, जवाबदेही और शिकायतों के त्वरित समाधान में सहायता मिलेगी।

इसके अलावा, एसडीपीओ रिंकू वोंगमु भूटिया ने डिजिटल युग में जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी सूचना को प्रशासन से सत्यापित किए बिना डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित न करें। गलत या अधूरी सूचना से भ्रम और दहशत फैल सकती है। उन्होंने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी फर्जी लोन ऐप, फिशिंग लिंक, ऑनलाइन नौकरी और निवेश के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

एसडीपीओ ने नशा विरोधी अभियान, सडक़ सुरक्षा तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के विषय में जागरूकता फैलाने के लिए मीडिया और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। उन्होंने आपदा और आपातकाल के दौरान पत्रकारों से केवल सत्यापित सूचनाएं साझा करने की अपील की। उनके साथ, मंगन जिला सूचना अधिकारी राज शर्मा ने जिले में पहली बार आयोजित ‘वार्ता’ कार्यक्रम के लिए पीआईबी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच सरकारी अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच मजबूत सेतु बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष संवाद से पत्रकारों को सरकारी योजनाओं और धरातल पर हो रहे विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी मिलेगी। इससे जनता तक सही और तथ्यपूर्ण समाचार पहुंचाने में सहायता होगी।

इससे पहले, पीआईबी गंगटोक के सहायक निदेशक मानस प्रतिम सरमा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों और कार्यसूची की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिले के अन्य हितधारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics