गंगटोक : पासिगदांग ब्लॉक एडमिनिस्ट्रेटिव सेंटर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जंगू क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिदांग क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व लुम गोर सांगटोक ग्राम पंचायत के पंचायत अध्यक्ष द्वारा किया गया। जंगू क्षेत्र अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत के लिए जाना जाता है। क्षेत्र ने स्वच्छता अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनाया है, जिसके लिए नरेंद्र मोदी ने भी सिक्किम की सराहना की है। स्वच्छ भारत अभियान-ग्रामीण के तहत जंगू का पहला प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट शुरू किए जाने के बाद ग्रामीण विकास विभाग ने सात ग्राम पंचायत इकाइयों में व्यवस्थित कचरा संग्रहण कार्यक्रम लागू किया है।
पासिंगदांग ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र के अंतर्गत संचालित यह पहल जीरो प्लास्टिक और जीरो वेस्ट मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कचरा संग्रहण कार्य समर्पित रिसोर्स रिकवरी वैन के माध्यम से किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत फिदांग तथा उसके आसपास के क्षेत्रों, सड़कों, जलधाराओं और विशेष रूप से नदी किनारों की सफाई की गई। फिदांग जंगू का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, जहां कई विकास परियोजनाएं चल रही हैं। साथ ही वर्ष 2023 में आई ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड की आपदा के बाद यहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य कचरा जमा हो गया था।
इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बीआरओ, फिदांग पुलिस आउट पोस्ट, वन विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान एकत्र किए गए सभी कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और प्रसंस्करण के लिए पासिंगदांग बीएसी स्थित अत्याधुनिक प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट भेजा गया। स्थानीय प्रशासन ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामुदायिक भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
No Comments: