गंगटोक : सिक्किम सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त कुबेर भंडारी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान आरटीआई अधिनियम से संबंधित जागरुकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन सुनवाई के जरिए न्याय तक लोगों की पहुंच सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर केंद्रीय सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त ने सिक्किम के मुख्य सूचना आयुक्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा के माध्यम से संचालित ऑनलाइन सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन करने का अवसर भी प्रदान किया। मुलाकात के दौरान सिक्किम के मुख्य सूचना आयुक्त ने केंद्रीय मुख्य सूचना आयुक्त को पारंपरिक खादा भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
वहीं केंद्रीय सूचना आयोग की ओर से सद्भावना एवं सहयोग के प्रतीक स्वरूप सिक्किम के मुख्य सूचना आयुक्त को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।यह संवाद पारदर्शिता, जवाबदेही तथा सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के प्रति सिक्किम सूचना आयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही तकनीक के अधिक उपयोग और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आरटीआई व्यवस्था को सशक्त बनाने पर भी बल दिया गया।
No Comments: