एनएच-10 पर यातायात बहाली को लेकर सरकार सख्त

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गंगटोक : राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर, खासकर 20 माइल क्षेत्र में सड़क संपर्क की मौजूदा स्थिति की समीक्षा हेतु सिक्किम के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गुरुवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। साथ ही, बैठक में 10 अगस्त को रंगपो में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय ‘आमा सम्मान दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

बैठक में एनएचआईडीसीएल के साथ-साथ सड़क व पुल विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सीमा सड़क संगठन के प्रतिनिधि, पाकिम जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

इस दौरान, मुख्य सचिव ने एनएच-10 के 20 माइल क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा करते हुए सड़क संपर्क जल्द से जल्द बहाल करने पर जोर दिया। उन्होंने एनएचआईडीसीएल को राजमार्ग पर उत्पन्न अवरोध को शीघ्र हटाने और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

बैठक में, सड़क एवं पुल विभाग के सचिव को समरदुंग सड़क को हर समय वाहन चलने योग्य बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यकता पडऩे पर इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। सीमा सडक़ संगठन के मुख्य अभियंता को रंगपो-रोराथांग मार्ग खुला रखने तथा भारी वाहनों की आवाजाही के लिए जुवेंटस टर्निंग क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य शुरू करने को कहा गया।

इसके अलावा, मुख्य सचिव ने 10 अगस्त को रंगपो में होने वाले राज्यस्तरीय ‘आमा सम्मान दिवस’ कार्यक्रम को देखते हुए पाकिम जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को व्यापक यातायात एवं आवागमन प्रबंधन योजना तैयार करने का निर्देश दिया। सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था, लोगों की सुविधा और आवश्यक संसाधनों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने निर्धारित जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि सडक़ संपर्क की बहाली और राज्यस्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों एवं एजेंसियों के बीच निकट समन्वय आवश्यक है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics