जंगू : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जंगू ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र की ओर से नामप्रिकदांग में विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अक्टूबर 2023 में आई विनाशकारी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड से प्रभावित लेप्चा समुदाय की सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में आयोजित किये गये इस कार्यक्रम में वन विभाग ने भी तकनीकी सहयोग दिया। पौधों के चयन और मिट्टी संरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया में विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रशासन के अनुसार, यह पौधरोपण अभियान केवल पर्यावरणीय गतिविधि नहीं, बल्कि समुदाय की पहचान और सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का प्रतीक है। नामप्रिकडांग की धरती पर लगाए गए पौधे आने वाली पीढय़िों के लिए हरित, सुरक्षित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भविष्य की नींव रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि नामप्रिकदांग जंगू क्षेत्र के लेप्चा समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थल है। पिछले पांच दशकों से अधिक समय से यह स्थान वार्षिक नामसूंग महोत्सव का प्रमुख आयोजन स्थल रहा है। 2023 की बाढ़ ने इस महत्वपूर्ण स्थल को भारी नुकसान पहुंचाया था और आसपास के क्षेत्र में गंभीर भू-क्षरण तथा पर्यावरणीय क्षति हुई थी। इसके बावजूद स्थानीय समुदाय की दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रशासनिक प्रयासों से इस स्थल के पुनरुद्धार की नई शुरुआत हुई है।
आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जोंगू बीएसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नामप्रिकडांग में स्थानीय फूलों वाले पौधे और फलदार वृक्ष लगाए। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की हरियाली को फिर से बहाल करना, मिट्टी के संरक्षण को मजबूत करना और नामप्रिकदांग को फिर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामुदायिक गतिविधियों के योग्य बनाना है। इस अवसर पर पासिंगदांग सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी बीएसी परिसर में उपस्थित होकर उचित कचरा प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
No Comments: