नशा मुक्ति, पर्यावरण और साइबर जागरूकता पर छात्रों से सीधा संवाद

गंगटोक : भारत सरकार के सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (सीबीसी) और प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), गंगटोक ने शुक्रवार को पाकिम जिले के सुमिन लिंगे सेकेंडरी स्कूल में पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के तहत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों पर विशेष रूप से जागरूकता फैलायी गई। इसमें छात्रों और स्थानीय समुदाय को नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

सराठी 1.0 सिक्किम के राज्य समन्वयक एवं मुख्यमंत्री के एपीएस बिशाल शर्मा पोखरेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वोसेर डोमा भूटिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में पीआईबी गंगटोक, आकाशवाणी गंगटोक के अधिकारी, शिक्षक, विद्यालय कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

अपने संबोधन में बिशाल शर्मा पोखरेल ने छात्रों के साथ संवाद करते हुए नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और किशोरावस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रश्नोत्तर और उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को नशे से दूर रहने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने किशोरों में मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि अधिक स्क्रीन टाइम से एकाग्रता, नींद, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवहार प्रभावित हो सकता है। छात्रों को मोबाइल का सीमित और शैक्षणिक उपयोग करने तथा बाहरी गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी गई।

उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सतर्क रहने की सलाह देते हुए फर्जी ऑनलाइन प्रोफाइल और एआई आधारित छेड़छाड़ की गई तस्वीरों से सावधान रहने को कहा। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

प्रधानाध्यापिका वोसेर डोमा भूटिया ने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पीआईबी और सीबीसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने छात्रों से कार्यक्रम के संदेश को अपने गांव और समुदाय तक पहुंचाने का आग्रह भी किया। पीआईबी और आकाशवाणी समाचार, गंगटोक के सहायक निदेशक मानस प्रतिम सरमा ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय प्रशासन और राज्य समन्वयक के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान सीबीसी और पीआईबी गंगटोक की ओर से विद्यालय प्रशासन को स्वच्छता सामग्री भी प्रदान की गई। साथ ही एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics