दार्जिलिंग : सांसद Raju Bista के नेतृत्व में दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कार्सियांग के विधायकों तथा गठबंधन दल के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात कर दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में चाय बागान और सिनकोना बागान श्रमिकों के अधिकार एवं सम्मान से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि टी बोर्ड आफ इंडिया के उपाध्यक्ष अगले सप्ताह दार्जिलिंग दौरे पर आकर इस दिशा में पहल करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने वन गांवों में रहने वाले लोगों और डीआई फंड भूमि के निवासियों के अधिकार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे में सुधार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा सड़कों और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी गई ताकि पहाड़, तराई और डुआर्स का कोई भी गांव अलग-थलग न रहे।
बैठक में भूस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए आपदा प्रबंधन और तैयारी पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को क्षेत्र का दौरा कर विस्तृत चर्चा करने का निर्देश दिया है।
प्रतिनिधिमंडल ने जीटीए, सिलीगुड़ी नगर निगम, सिलीगुड़ी महकमा परिषद, पहाड़ी क्षेत्र की नगरपालिकाओं और विकास बोर्डों में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग भी उठाई। हर घर जल, अमृत योजना, शिक्षक भर्ती, टीईटी, पीएमजीएसवाई और पीएमएवाई जैसी योजनाओं में कथित घोटालों का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। मुख्यमंत्री ने जीटीए और पहाड़ी नगरपालिकाओं के विशेष ऑडिट का आश्वासन दिया।
बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, जीटीए के प्रधान सचिव, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के जिलाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
No Comments: