गंगटोक : विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर युकसोम और अरितार की महिला संचालित होमस्टे इकाइयों के लिए आयोजित एक माह लंबे डिजिटल मार्केटिंग एवं बिजनेस मैनेजमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह शनिवार को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सम्मेलन कक्ष में हुआ। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री छिरिंग टी. भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री Tshering T. Bhutia ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम ‘डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को नया स्वरूप देना’ है। बदलते डिजिटल दौर में पर्यटन व्यवसायों को तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभावी उपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत डिजिटल उपस्थिति से होमस्टे संचालक अपने व्यवसाय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में शुरू की गई मेगा होमस्टे पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसके तहत 1,000 से अधिक मानकीकृत होमस्टे विकसित करने और स्थानीय समुदायों के लिए टिकाऊ आजीविका के अवसर पैदा करने का लक्ष्य है। उन्होंने सिक्किम इंस्पायर्स के तहत उद्यमियों के लिए चलाए जा रहे क्षमता निर्माण कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा कि सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, परंपराएं, विरासत और स्थानीय व्यंजन पर्यटन की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने आईआईएम लखनऊ और आईआईटी पटना के विशेषज्ञों के योगदान की सराहना करते हुए होमस्टे संचालकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यावहारिक रूप से अपनाने और अपने कारोबार को विस्तार देने का आह्वान किया।
विश्व बैंक के टीएसए के टीम लीडर तन्मय दास ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद केवल प्रमाणपत्र हासिल करना पर्याप्त नहीं है। प्राप्त ज्ञान और कौशल को वास्तविक व्यवसाय में लागू करना जरूरी है। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और होमस्टे संचालकों को ग्राहकों से सीधे जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने आगे भी तकनीकी सहयोग, रिफ्रेशर प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण जारी रखने का आश्वासन दिया।
आईआईटी पटना के फैकल्टी सदस्य ने बताया कि आरिटार और योक्सम में कार्यक्रम का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ है। प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया के आधार पर प्रशिक्षण का दूसरा चरण अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए सुधारों के साथ आयोजित करने की योजना है। अईआईएम लखनऊ के विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण के पहले चरण की समीक्षा प्रस्तुत की। इसमें होमस्टे संचालन की मानक प्रक्रिया, लेखा प्रबंधन, व्यक्तिगत और व्यावसायिक वित्त का पृथक्करण, वित्तीय विवरण, नकदी प्रवाह, लाभ, लागत और मूल्य निर्धारण जैसे विषय शामिल रहे। साथ ही संसाधन दक्षता, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर मूल्य सृजन जैसे टिकाऊ पर्यटन उपायों की जानकारी दी गई। मंत्री ने यह भी बताया कि 1 से 7 नवंबर तक एडवेंचर टूरिज्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा, जिसमें पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और माउंटेन बाइकिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
No Comments: