भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का डीसी परी बिश्नोई ने किया निरीक्षण

एनएचआईडीसीएल और संबंधित विभागों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश

पाकिम : लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के 20 माइल, बरदांग क्षेत्र में हुए भूस्खलन से प्रभावित हिस्से का शुक्रवार को पाकिम की जिला कलेकटर परी बिश्नोई ने निरीक्षण किया। उनके साथ पाकिम की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारू रुचाल भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे मलबा हटाने और सड़क बहाली कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण दल में अतिरिक्त जिला कलेक्‍टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रंगपो एसडीएम, सड़क एवं पुल विभाग के अधीक्षण अभियंता, मंडलीय एवं सहायक अभियंता, राजस्व अधिकारी सह सहायक निदेशक के अलावा पुलिस, सिंचाई, भूमि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, एनएचआईडीसीएल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे।

अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि भूस्खलन के कारण बड़ी-बड़ी चट्टानें, मिट्टी और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर जमा हो गया है। इससे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। एनएचआईडीसीएल द्वारा सड़क एवं पुल विभाग के समन्वय से आपातकालीन आधार पर मलबा हटाने और मार्ग को यातायात योग्य बनाने का काम किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने मौके पर तैनात मशीनों, कार्य अवधि, मलबा निस्तारण और बिजली लाइनों सहित आवश्यक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को अतिरिक्त मशीनरी और श्रमिक तैनात करने, उपयुक्त तकनीकी उपाय अपनाने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए बहाली कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर भविष्य में भूस्खलन का खतरा कम करने के लिए दीर्घकालीन ढलान स्थिरीकरण योजना तैयार करने को भी कहा। इसके तहत पहाड़ी ढलानों पर तार की जाली लगाने, सुरक्षात्मक अवरोधक बनाने और अन्य तकनीकी उपायों की संभावनाओं की जांच की जाएगी।

बहाली कार्यों की निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सड़क एवं पुल विभाग, एनएचआईडीसीएल और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ संबंधित एसडीएम और पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति प्रतिदिन सड़क की स्थिति, काम की प्रगति, मशीनों की तैनाती, कार्यस्थल की तस्वीरें और अन्य परिचालन जानकारियों से संबंधित रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। इससे आवश्यकता के अनुसार समय पर निर्णय लेने और बहाली कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने यातायात प्रबंधन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रभावित हिस्से के आसपास यातायात नियंत्रित करने, जाम रोकने और रणनीतिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात करने का निर्देश दिया। सामान्य यातायात बहाल होने तक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजने को भी कहा गया। रात के समय भी बहाली कार्य जारी रखने के लिए कार्यस्थल पर फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मौजूदा मौसम और लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील हिस्से की चौबीसों घंटे निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारू रुचाल ने एनएचआईडीसीएल को बहाली कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने की सलाह दी। उन्होंने कमजोर ढलानों पर उचित भूमि स्थिरीकरण तकनीक अपनाने और संवेदनशील स्थानों पर मजबूत सुरक्षात्मक अवरोधक लगाने को कहा। प्रशासन ने कार्यों में तेजी लाने के लिए विभिन्न विभागों की मशीनों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से तैनात करने का निर्णय लिया है। मशीन ऑपरेटरों और सहायक कर्मचारियों को अलग-अलग पालियों में लगाया जाएगा, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए बहाली कार्य बिना रुके जारी रह सके।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics