गेजिंग : जिले में एडवेंचर टूरिज्म के विकास और संपूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के तत्वावधान में इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म (आईएचसीएई) चेमचे ने आज योक्सम पर्यटन सूचना केंद्र में “सुरक्षित एवं टिकाऊ ऊंचाई वाले पर्यटन के लिए कौशल अंतर विश्लेषण और प्रशिक्षण की जरूरतें” विषय पर एक व्यापक परामर्श कार्यशाला आयोजित की। पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त निदेशक तेनजिंग गेलेक ने इसका उद्घाटन किया।
एक महत्वपूर्ण मूल्यांकन और नियोजन उपकरण के रूप में इस परामर्श कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य कौशल में मौजूद कमियों की सावधानीपूर्वक पहचान करना, प्रशिक्षण जरूरतों को प्राथमिकता देना एवं समग्र सेवा गुणवत्ता, सुरक्षा तथा स्थानीय आजीविका के अवसरों को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक, समुदाय-उन्मुख समाधान तैयार करना था।
इन उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए कार्यशाला को रणनीतिक चर्चा समूहों में विभाजित किया गया था, जिससे प्रतिभागियों को लक्षित विषयों पर गहराई से विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। इनमें चुनौतियों की पहचान: ट्रेकिंग, सुरक्षा, होमस्टे सेवाओं एवं मार्केटिंग के संबंध में पर्यटकों, गाइडों तथा समुदायों के सामने आने वाली बाधाओं का आकलन करना; कौशल अंतर विश्लेषण: गाइडिंग, सुरक्षा प्रोटोकॉल, डिजिटल साक्षरता, आतिथ्य एवं तकनीकी विशेषज्ञता सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मौजूदा और अपेक्षित कौशल के बीच के अंतर का मूल्यांकन करना एवं प्रशिक्षण की जरूरतों को प्राथमिकता देने साथ-साथ वास्तविक दुनिया के केस स्टडीज और समस्या विश्लेषण एवं समाधान डिजाइन शामिल रहे।
कार्यक्रम में पर्यटन व नागरिक उड्डïयन विभाग के प्रमुख अधिकारियों ने सक्रियता से भाग लिया, जिनमें विज्ञापन उप निदेशक मनोज छेत्री, सहायक निदेशक पेम्पा डोमा भूटिया, सहायक टीआईसी निदेशक पासांग डोमा भूटिया (योक्सम), टीओ अर्पणा खड़का और कार्यालय सहायक बुद्ध सिंह सुब्बा शामिल थे।
इस दौरान, सत्रों में विचार जोड़ने के लिए ‘सिक्किम इंस्पायर्स’ पहल के विशेषज्ञ भी उपस्थित थे, जिनमें टीम लीडर तन्मय दास, पर्यटन विशेषज्ञ डॉ रिनजिंग लामा और कार्यक्रम सहयोगी पेमा ल्हमू भूटिया शामिल रहे। वहीं, कार्यशाला में गेजिंग बरमियोक पर्यटन विकास संगठन, रिंचेंपोंग पर्यटन विकास समिति, आस्था, ताशीडिंग पर्यटन विकास संघ, टीएएसएस, योक्सम पर्यटन विकास निगम, एसएमए, उत्तरे इको पर्यटन विकास समिति और पेल्लिंग पर्यटन विकास संघ जैसे संगठनों ने भाग लिया।
No Comments: