होमस्टे संचालकों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण संपन्न

गेजिंग : सिक्किम इंस्पायर्स प्रोजेक्ट के तहत जिले के योक्‍सम-दुबडी जीपीयू में महिलाओं द्वारा परिचालित होमस्टे के लिए आज सिक्किम सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा आईआईएम, लखनऊ के साथ बिजनेस मैनेजमेंट पर 15 दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।

इसके उद्घाटन अवसर पर गेजिंग जिलाध्यक्ष डी.एस. लिम्बू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की सचिव होंडाला ग्याल्‍छेन पंचायत अध्यक्ष सह युकसम-दुबडी जीपीयू सदस्य; अतिरिक्त पर्यटन निदेशक तेनजिंग गोले; पर्यटन उप-निदेशक यामिनी प्रधान, विकास राई एवं निर्मल सिंचुरी; योक्‍सम पर्यटन विकास सोसाइटी अध्यक्ष करजांग भूटिया; आईआईएम लखनऊ के प्रोफेसर सत्य दास, टीएसए (वर्ल्ड बैंक) के टीम लीडर तन्मय दास और अन्य अधिकारियों ने भी शिरकत की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि लिम्बू ने होमस्टे उपक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने में महिलाओं की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाली पहलों की सफलता दर बहुत अधिक है। उन्होंने श्रेष्ठ प्रबंधन और परिचालन कमियों जैसी चुनौतियों से निपटने में पेशेवर प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। वहीं, पर्यटन से जुड़े उद्यमों में पेशेवर कौशल की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने प्रतिभागियों को इस प्रशिक्षण में सक्रियता से शामिल होने और यहां मिली जानकारी का इस्तेमाल करने हेतु प्रोत्साहित किया।

इसके अलावा, लिम्बू ने आगे कहा कि जहां एक ओर पर्यटन में आजीविका के अवसर पैदा करने की अपार क्षमता है, वहीं सड़क तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी समस्याओं का समाधान उचित माध्यमों से किया जाना चाहिए। युक्सम को कार्यक्रम स्थल के रूप में चुनने के लिए पर्यटन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थानीय जीवनशैली का एक अभिन्न अंग है और इस तरह की पहल इस क्षेत्र में व्यावसायिकता को बढ़ाने में योगदान देगी।

इससे पहले, अतिरिक्त पर्यटन निदेशक तेनजिंग गोले ने अपने स्वागत भाषण में इस पहल की अहमियत बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि डिजिटल मार्केटिंग और रोजी-रोटी की गतिविधियां पर्यटन से बहुत करीब से जुड़ी हुई हैं और प्रतिभागियों से इसका सबसे अच्छा इस्तेमाल करने की अपील की।

वहीं, आईआईएम लखनऊ के प्रोफेसर सत्य दास ने कहा कि आईआईएम एवं आईआईटी जैसे बड़े संस्थानो से मिले प्रमाणपत्र होमस्टे परिचालन में काफी महत्व जोड़ने के साथ ही सर्वांगीण व्यवसाय प्रबंधन को मजबूत करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण के प्रमुख क्षेत्रों पर प्रकाश डालने के साथ ही व्यवसाय में भरोसे की अहमियत पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में टीएसए (वर्ल्ड बैंक) के टीम लीडर तन्मय दास ने कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और समुदायिक बेहतरी की अहमियत पर जोर देते हुए प्रतिभागियों को कार्यक्रम से मिले अच्छे विचार के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को तकनीकी सहयोग दिये जाने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान, बताया गया कि पिछले प्रशिक्षण के प्रतिभागियों में से कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन्स के तौर पर दो प्रतिभागियों सबीना सुब्बा और अंगिला भूटिया का चुनाव किया गया है। उन्हें आईआईटी, पटना और टीसीएडी ने सीआरपी के तौर पर पहचाना है। उन्हें दूसरे जिलों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics