गंगटोक : सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-सिक्किम) के प्रवक्ता महेश राई ने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि सरकार विपक्ष की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर राज्य की मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
इसी क्रम में सीएपी-सिक्किम के अध्यक्ष गणेश के राई बुधवार को जनरल रजिस्टर केस संख्या 09/2026 में जारी समन के अनुपालन में रंगपो सब डिविजन स्थित न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) की अदालत में पेश हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के संदर्भ में सीएपी-सिक्किम के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 तथा प्रतीक और नाम (अनुचित उपयोग निवारण) अधिनियम, 1950 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पार्टी ने अपने बयान में कहा कि वह देश की न्याय व्यवस्था का सर्वोच्च सम्मान करती है और अदालत की निष्पक्षता में पूर्ण विश्वास रखती है। पार्टी ने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग करेगी ताकि सत्य सामने आ सके। हालांकि, सीएपी-सिक्किम ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक असहमति को अपराध साबित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्टी के अनुसार, सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए कानूनों का हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। पार्टी ने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और उनका कोई मजबूत कानूनी आधार नहीं है। बयान में यह भी कहा गया कि देश की विभिन्न अदालतें, विशेषकर मद्रास हाईकोर्ट, शांतिपूर्ण विरोध और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार को कई बार मान्यता दे चुकी हैं। सीएपी-सिक्किम ने दावा किया कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े कानूनों का उपयोग वैध राजनीतिक विमर्श को दबाने के लिए नहीं किया जा सकता।
पार्टी ने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि इस प्रकार की डराने-धमकाने वाली रणनीतियों से सीएपी-सिक्किम पीछे हटने वाली नहीं है। पार्टी ने विश्वास जताया कि न्यायिक प्रक्रिया के अंत में सत्य की जीत होगी और वह सम्मानपूर्वक बाहर निकलेगी।सीएपी-सिक्किम ने सिक्किम की जनता से अपील की कि वे सरकार की इन कार्रवाइयों से निराश न हों। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह सत्ता के दुरुपयोग और नैतिक आधार खो चुकी सरकार की निशानी है। पार्टी ने कहा कि वह राज्य में अन्याय, भय और भ्रष्ट शासन के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी तथा सच्चे लोकतंत्र की बहाली तक जनता के साथ खड़ी रहेगी।
No Comments: