पाकिम : सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सिक्किम राइज (रियलाइजिंग आइडियाज, शेपिंग एंटरप्रेन्योरशिप) कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को उद्यमियों के लिए बिजनेस पिचिंग सत्र आयोजित किया गया।
इस दौरान पाकिम जिले के विभिन्न उद्यमियों ने विशेषज्ञ जूरी के समक्ष अपने नवाचार आधारित व्यावसायिक विचार एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के दूरदर्शी नेतृत्व में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग तथा सीड सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्यभर के उभरते उद्यमियों की पहचान करना, उनका मार्गदर्शन करना तथा उन्हें सशक्त बनाना है। बिजनेस पिचिंग सत्र का आयोजन एक साथ दो अलग-अलग पिचिंग कक्षों में किया गया। पिचिंग कक्ष-1 में आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क की रिसोर्स टीम के राम कुमार, जियोन एजुकेशन की संस्थापक सुश्री सोनी विरदी तथा एटीटीसी इन्क्यूबेशन सेंटर के संकाय सदस्य डीबी तमांग ने जूरी सदस्य के रूप में प्रतिभागियों के व्यावसायिक प्रस्तावों का मूल्यांकन किया।
वहीं, पिचिंग कक्ष-2 में बाइट्स बेरी टेक्नोलॉजीज के संस्थापक बिकाश बस्नेत तथा आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क की रिसोर्स टीम के सौजीत दास एवं सुश्री अनसूया महंता ने जूरी सदस्य के रूप में प्रतिभागियों के विचारों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के ओएसडी एवं सीड सेल के महासचिव दीपेन सुब्बा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक जिग्मी वांगदी भूटिया, सीड सेल के संगठन सचिव ताशी ओंगदुप लेप्चा, सीड सेल के वित्त सचिव महेश दावरी तथा सीड सेल, पाकिम के जिला संयुक्त समन्वयक जांगपो शेरपा भी उपस्थित रहे। पिचिंग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी उद्यमियों एवं उद्योग विशेषज्ञों से उनके व्यावसायिक प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण सुझाव और रचनात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। इससे उन्हें अपने बिजनेस आइडिया को और अधिक परिष्कृत एवं व्यवहारिक बनाने का अवसर मिला। साथ ही प्रतिभागियों ने सिक्किम राइज पहल के अगले चरण में स्थान बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा भी की।
No Comments: