नामची : राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आज किताम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अग्नि सुरक्षा उपायों पर एक जागरुकता कार्यक्रम सह मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। अग्निशमन व आपातकालीन सेवाओं तथा वन, पर्यावरण एवं वन्यजीव विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया यह आयोजन इस वर्ष की थीम, “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा जागरूक समाज-अग्नि रोकथाम के लिए एकजुट” के अनुरूप था। साथ ही यह उन अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में भी समर्पित था, जिन्होंने 1994 के बॉम्बे डॉक विस्फोट के दौरान अपनी जान गंवा दी थी।
इस अवसर पर नामची के एसएफओ राज कुमार प्रधान ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में इसी तरह के जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आग लगने जैसी आपात स्थितियों के दौरान शांत रहने के महत्व पर जोर दिया और जनता से आग्रह किया कि किसी भी घटना की स्थिति में वे तुरंत निकटतम अग्निशमन केंद्र को सूचित करें। उन्होंने अग्निशामक यंत्रों को चलाने के व्यावहारिक ज्ञान की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए बताया कि कई लोगों में इन्हें चलाने के बुनियादी कौशल की कमी होती है। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण आग लगने की घटनाओं को नियंत्रित करने और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने वन विभाग से किताम पक्षी अभयारण्य में स्थित पानी की टंकी में पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
बीओ (टी) भूपेन शर्मा ने जंगल की आग के वन्यजीवों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर बात की और आग बुझाने वाले विभिन्न उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया। उन्होंने सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया और स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे आग लगने जैसी आपात स्थितियों के दौरान, विशेष रूप से अग्निशमन सेवाओं के पहुंचने से पहले, सहायता के लिए आगे आएं।
कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में, एक मॉक अभ्यास भी आयोजित किया गया, जिसमें आग बुझाने वाले उपकरणों के उपयोग, एलपीजी से लगी आग को नियंत्रित करने की तकनीकों और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) जैसे जीवन रक्षक कौशलों का प्रदर्शन किया गया। छात्रों को आपात स्थितियों के लिए उनकी तैयारियों को बेहतर बनाने हेतु सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, भूकंप के बाद आग लगने जैसी बचाव स्थितियों का अनुकरण करते हुए भी एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई। इस अवसर पर एलआर एंड डीएम टीओ दीनीशा राई, ग्राम पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य भी उपस्थित थे।
#anugamini
No Comments: