सोरेंग : जिला पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग द्वारा जिला पूर्वोत्तर परिषद परियोजना प्रबंधन समिति, डीएसी के सहयोग से आज श्रीबदाम में पिगलेट (सूअर शावक) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालुक बीडीओ दाबग्याल लामा, आरएंडबी ओएसडी डीपी शर्मा, सामदोंग श्रीबादम जीपीयू पंचायत अध्यक्ष सोनम छिरिंग लेप्चा, समदोंग पंचायत अध्यक्ष भारत कुमार छेत्री, पंचायत सदस्य और अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रिंचेनपोंग के विधायक एरंग तेनजिंग लेप्चा ने सूअर पालन के विकास के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को सहायता देने के लिए विभाग और पूर्वोत्तर परिषद परियोजना प्रबंधन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लाभार्थियों को वैज्ञानिक सूअर पालन के तरीकों को अपनाने और स्थायी आय अर्जित करने के लिए दी गई सहायता का उचित उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बताया गया है कि इस पहल के तहत, रिंचेनपोंग निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न जीपीयू से संबंधित एसटी (लिम्बू) समुदाय के कुल 35 सूअर पालकों की आजीविका बढ़ाने और सूअर पालन विकास हेतु 4-4 पिगलेट दिए गए, जिनमें 1 नर और 3 मादा बच्चे शामिल थे। इससे पहले, जिला पशुपालन विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ कुनजांग पाल्मू भूटिया के स्वागत भाषण से शुरु हुए कार्यक्रम में विभाग के उप निदेशक डॉ रोशन पिरथावर ने योजना और इसके उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। वहीं, रिंचेनपोंग के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सीएम शर्मा द्वारा वैज्ञानिक पिगलेट पर एक तकनीकी सत्र आयोजित किया गया।
No Comments: