युवा पार्टी के मूल स्तंभ, सकारात्मक कार्यों में लगाएं ऊर्जा: भीम हांग लिम्बू

गेजिंग : पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तमांग के मार्गदर्शन में एसकेएम पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में गुरुवार को यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के गेजिंग सामुदायिक भवन में कनेक्ट टू यूथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के उपाध्यक्ष प्रभारी एवं क्षेत्रीय विधायक भीम हांग लिम्बू ने की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव, वार्ड एवं जमीनी स्तर से लेकर सीएलसी, बीएलसी, जिला तथा राज्य स्तर तक के युवाओं को एक-दूसरे से जोड़ना, पार्टी के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी देना तथा युवा कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और संपर्क को और अधिक प्रभावी बनाना था। कार्यक्रम में सोरेंग जिला उपाध्यक्ष प्रभारी डीबी गुरूंग, गेजिंग जिले के युवा प्रभारी दीपेन हांग सुब्बा, राज्यस्तरीय युवा उपाध्यक्ष दीपेन हांग सुब्बा, संयुक्त सचिव नरेश छेत्री तथा राज्यस्तरीय युवा महासचिव योगेन राई सहित विभिन्न वार्डों एवं संस्थानों के सलाहकार, अध्यक्षगण, ओएसडी तथा निर्वाचन क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के युवा संयोजक सीबी गुरुंग ने स्वागत संबोधन किया। उन्होंने कहा कि युवा पार्टी के मूल स्तंभ हैं। उन्होंने बताया कि यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के सभी वार्डों एवं ब्लॉकों में युवा प्रकोष्ठ का गठन किया जा चुका है। मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक भीम हांग सुब्बा ने सभा को संबोधित करते हुए वर्तमान सरकार द्वारा निर्वाचन क्षेत्र में किए गए आधारभूत संरचना विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि क्यांगसा खेल मैदान, आरीगांव में निर्मित आधुनिक कॉलेज, पेलिंग में रोपे, गेजिंग बाजार में पेयजल तथा सिउरेश सहित अनेक योजनाओं को लागू किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आगे भी आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक ने उपस्थित युवाओं से समाज एवं राज्य के विकास में सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी संगठन, समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा, क्षमता और समय का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को एकता, अनुशासन और समर्पण के साथ जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन गेजिंग जिला युवा महासचिव खुसेन्द्र छेत्री ने किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में दिवंगत युवा नेता स्वर्गीय हरुन सुब्बा की स्मृति में मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सीएलसी, बीएलसी एवं वार्डस्तरीय पदाधिकारियों तथा सदस्यों का परिचय कराया गया। सभा को राज्यस्तरीय संयुक्त सचिव नरेश छेत्री, राज्यस्तरीय युवा महासचिव योगेन राई, सोरेंग जिला उपाध्यक्ष प्रभारी डीबी गुरूंग सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics