गंगटोक : सरकारी वाहनों के संचालन में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा जागरुकता और पेशेवर जिम्मेदारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिक्किम सरकार के गृह विभाग के सहयोग से स्थानीय मैसर्स राजसंस एंटरप्राइजेज (महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड) द्वारा गुरुवार को चिंतन भवन में सरकारी चालकों के लिए प्रशिक्षण-सह-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गृह सचिव (प्रोटोकॉल) बेनु गुरुंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ संयुक्त गृह सचिव (प्रोटोकॉल) प्रणीत प्रधान एवं जॉन गुरुंग तथा अवर सचिव सुभाष प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर सचिव (प्रोटोकॉल) बेनु गुरुंग ने आधुनिक वाहनों में लगातार विकसित हो रही तकनीक और डिजिटल प्रणालियों को समझने के लिए नियमित तकनीकी प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से डीपीएफ रीजेनेरेशन चेतावनी जैसी तकनीकी सूचनाओं को समझने के लिए सरल प्रशिक्षण सामग्री विकसित करने का सुझाव दिया।
चालकों की बेहतर समझ सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने महिंद्रा के अधिकारियों से प्रशिक्षण सामग्री को नेपाली भाषा में सरल एवं सहज रूप में तैयार करने का अनुरोध किया। उन्होंने अधिकृत सर्विस सेंटरों से यह भी आग्रह किया कि वाहन में आवश्यक सभी मरम्मत कार्य समय पर किए जाएं, भले ही प्रारंभिक वर्क कार्ड में उनका उल्लेख न हो, ताकि सरकारी वाहनों के संचालन में अनावश्यक विलंब न हो।
गुरुंग ने चालकों को नियमित मेंटेनेंस शेड्यूल का पालन करने, वाहन की वारंटी संबंधी शर्तों को सुरक्षित रखने तथा लॉगबुक को अद्यतन रखने की सलाह दी। उन्होंने वाहन रखरखाव के संबंध में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए डिजिटल माध्यमों और ऑनलाइन संसाधनों का उपयोग करने पर भी बल दिया।
इससे पहले, कार्यक्रम के प्रारंभ में जेई संतोष गुरूंग ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद जेई केएन लेप्चा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रथम सत्र का परिचय प्रस्तुत किया। महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के क्षेत्रीय ग्राहक सेवा प्रबंधक सुदर्शन राय तथा राजसंस एंटरप्राइजेज के सेवा प्रबंधक ओम प्रधान ने प्रशिक्षण सत्रों की संक्षिप्त जानकारी दी।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में राजसंस एंटरप्राइजेज के तकनीकी प्रबंधक यश राज छेत्री ने भारत स्टेज-6 (बीएस-6) तकनीक पर विस्तृत जानकारी दी। इसमें विभिन्न वाहन मॉडलों से संबंधित वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से तकनीकी प्रक्रियाओं को समझाया गया। सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चालकों ने विशेषज्ञ से विभिन्न तकनीकी विषयों पर सवाल किए।
इसके बाद चार तकनीकी विशेषज्ञों की अगुवाई में सरकारी चालकों के लिए व्यावहारिक एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान चालकों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े वास्तविक अनुभव और समस्याएं साझा कीं तथा विशेषज्ञों के साथ मिलकर उनके समाधान और ट्रबलशूटिंग के तरीकों को समझा।
वहीं, प्रशिक्षण के दूसरे चरण की शुरुआत जेई प्रणय छेत्री ने की। राजसंस एंटरप्राइजेज के तकनीकी प्रबंधक आदर्श लामा ने पीरियॉडिक मेंटेनेंस शेड्यूल, एबीएस, ईबीडी, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल, बैटरी के रखरखाव से जुड़े जरूरी निर्देश, टीपीएमएस, डैशबोर्ड वार्निंग इंडिकेटर्स एवं एयरबैग सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। इसके बाद प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।
इसी क्रम में एई प्रज्वल छेत्री ने सिक्किम गवर्नमेंट व्हीकल्स प्रोक्योरमेंट एंड मेंटेनेंस रूल्स 2025 पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने वाहन मरम्मत के लिए रिक्विजिशन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, चालकों की जिम्मेदारियों, मरम्मत कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक मानदंड एवं शर्तों, मरम्मत के वर्गीकरण तथा सामान्य मरम्मत और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस अवसर पर संयुक्त गृह सचिव (प्रोटोकॉल) प्रणीत प्रधान ने सरकारी चालकों के पेशेवर आचरण और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनुभवी चालकों के पास प्रक्रियात्मक और तकनीकी अनुभव होता है, जबकि व्यावसायिक क्षेत्र से सरकारी सेवा में आने वाले नए चालकों को सरकारी सेवा के नियमों, अनुशासन और कार्य संस्कृति को समझना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में चालकों को अपने ज्ञान और कौशल को लगातार अद्यतन करना होगा। उन्होंने महत्वपूर्ण सरकारी दायित्वों के दौरान किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए क्षेत्रीय यातायात नियमों और मार्गों की पर्याप्त जानकारी रखने पर भी बल दिया। कार्यक्रम में राजसंस एंटरप्राइजेज के वरिष्ठ बिक्री प्रबंधक बिष्णु दहाल, महिंद्रा एंड महिंद्रा के तकनीकी विशेषज्ञ एवं संसाधन व्यक्ति तथा गृह विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
No Comments: