राजनीति के केंद्र में नागरिक, निहित स्वार्थ नहीं: गणेश राई

गंगटोक : गंगटोक जिला के सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-सिक्किम) के प्रवक्ता इदु टी भूटिया ने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक एवं जमीनी विस्तार को आज उस समय महत्वपूर्ण मजबूती मिली, जब 70 से अधिक परिवारों ने पार्टी मुख्यालय, रानीपुल में औपचारिक रूप से सीएपी-सिक्किम की सदस्यता ग्रहण की।

उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के शामिल होने से राज्यभर में पार्टी का जमीनी आधार और मजबूत हुआ है तथा विभिन्न वर्गों के लोगों का पार्टी के साथ जुड़ना संगठन के बढ़ते विस्तार को दर्शाता है। रानीपुल स्थित केंद्रीय पार्टी मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष गणेश राई ने की। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य, युवा नेता और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पार्टी के अनुसार, सदस्यता ग्रहण करने वालों में सिक्किम समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले पेशेवर, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला नेता, युवा तथा जमीनी स्तर से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। ये लोग स्वच्छ शासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक-केंद्रित विकास के सीएपी-सिक्किम के दृष्टिकोण के तहत पार्टी से जुड़े हैं। पार्टी में शामिल होने वाली प्रमुख हस्तियों में अपर बर्तुक की प्रमुख बुद्धिजीवी एवं नागरिक हस्ती डॉ मामित्रा थापा, एसडीएफ के पूर्व राज्यस्तरीय युवा संयोजक डीके राई तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं सामुदायिक आवाज बीके पोखरेल शामिल हैं।

नए सदस्यों का स्वागत करते हुए पार्टी अध्यक्ष गणेश के राई ने उन्हें पार्टी का झंडा और खादा प्रदान किया। उन्होंने नए सदस्यों के योगदान से अधिक समावेशी, जवाबदेह और प्रगतिशील सिक्किम के निर्माण में सहयोग मिलने का विश्वास व्यक्त किया। सभा को संबोधित करते हुए गणेश राई ने कहा कि पेशेवरों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर के नागरिकों की बढ़ती भागीदारी राज्य में सार्थक राजनीतिक एवं शासन सुधार की व्यापक जन-इच्छा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सीएपी-सिक्किम ऐसा राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां शासन के केंद्र में निहित स्वार्थों के बजाय नागरिक हों। उन्होंने कहा कि राजनीतिक निर्णय लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों ने गणेश राई के नेतृत्व और सीएपी-सिक्किम की सुधारोन्मुख राजनीति में विश्वास व्यक्त किया।

उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा सिक्किम के हर कोने तक नागरिकों की आवाज पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। पार्टी के अनुसार, आज के सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में शामिल परिवारों की संख्या और उनकी विविध सामाजिक पृष्ठभूमि सीएपी-सिक्किम के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। पार्टी ने इसे सिक्किम में एक गंभीर और उभरती हुई राजनीतिक शक्ति के रूप में उसकी बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत बताया है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics