‘जेल और मुकदमों से नहीं डरेंगे’, युवा कांग्रेस ने छेड़ी ‘कॉकरोच’ मुहिम

नई दिल्ली । डिजिटल दुनिया में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की सनसनी के बीच भारतीय युवा कांग्रेस ने युवाओं से जुड़े पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को पुरजोर ढंग से उठाने के लिए ‘इंडियन यूथ कॉकरोच’ अभियान की शुरुआत की है। उसका कहना है कि उसके लोग असली ‘कॉकरोच’ हैं क्योंकि वे डिजिटल दुनिया में ‘आभासी क्रांति’ के बजाय जमीन पर युवाओं की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसके एवज में उन्हें जेल और मुकदमों का भी सामना करना पड़ा है।

इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा और अध्यक्ष उदयभनु चिब की अगुवाई में शुरू हुआ यह अभियान युवाओं का एक सामूहिक प्रतिरोध है। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भानु चिब ने कहा कि हमारी लड़ाई सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है। यह एक जनसमूह है। हम असली ‘कॉकरोच’ के रूप में पेपर लीक के विरोध से लेकर छात्र आंदोलनों तक संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष का कहना है कि हम मुकदमों, जेल, धमकी, बैंक खातों पर रोक या दमन की दूसरी कार्रवाइयों से नहीं डरते। एआई समिट के विरोध ने ही दिखा दिया कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता किस तरह इसके खिलाफ मैदान में खड़े हैं।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख मनु जैन ने कहा कि इंडियन यूथ कॉकरोच अभियान युवाओं के आक्रोश और प्रतिरोध का प्रतिनिधित्व करता है। सोशल मीडिया, एआई-संचालित अभियानों और जमीनी स्तर पर लामबंदी के माध्यम से हम नौकरियों, न्याय और जवाबदेही की मांग करते हुए एक राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा कर रहे हैं।

उनका कहना है कि युवा कांग्रेस ने अपने स्तर पर एआई-संचालित और मुद्दा-आधारित मुहिम शुरू की है तथा पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे विषयों पर जवाबदेही मांगी जा रही है। युवा कांग्रेस ने अपने इस अभियान को और मजबूत करते हुए ‘यूथ कॉकरोच डॉट ओआरजी’ नाम से नए डिजिटल मंच की शुरुआत भी की है। मनु जैन ने कहा कि यह मंच देश भर के युवा भारतीयों को खुद को ‘कॉकरोच’ के रूप में पंजीकृत करने के लिए आमंत्रित करता है। यदि वे सरकारी नौकरियों, न्याय आदि के लिए आवाज उठाने में विश्वास रखते हैं तो इस मंच से जुड़ सकते हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics