पिंगला । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर सीट से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी ने पिंगला में आयोजित एक जनसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आजकल उत्तर प्रदेश जल रहा है और आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल में भी उसी तरह की राजनीति लाना चाहती है।
ममता बनर्जी ने कहा कि योगी बाबू यहां आकर भाषण देते हैं और कहते हैं कि बंगाल में बुलडोजर चलेगा, लेकिन बंगाल में बुलडोजर नहीं चलता। यहां लोग ‘प्रणाम’, ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ कहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के लोगों के साथ दुर्व्यवहार होता है। उनके मुताबिक ‘जब बंगाल के लड़के-लड़कियां भाजपा शासित राज्यों में जाते हैं, तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है और बंगाली बोलने पर उन्हें घुसपैठिया कहा जाता है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जनता इसका जवाब लोकतंत्र के माध्यम से देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसी महीने डिलिमिटेशन बिल लाया जा सकता है, जो बंगाल को विभाजित कर सकता है। साथ ही उन्होंने एनआरसी लागू करने की आशंका भी जताई।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस बार की लड़ाई अलग है और भाजपा किसी भी तरह से बंगाल पर कब्जा करना चाहती है। उनका आरोप है कि लाखों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं और बंगाल के फंड को रोक दिया गया है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मशीनों की जांच सावधानी से होनी चाहिए और आरोप लगाया कि अगर मशीन खराब होती है तो उसे बदला नहीं जाएगा, बल्कि उसमें चिप डालने की योजना है।
अपने संबोधन के दौरान ममता बनर्जी ने भाजपा पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसी राजनीति पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा मैं सात बार सांसद और चार बार केंद्रीय मंत्री रही हूं। मैंने कई प्रधानमंत्रियों को देखा है, लेकिन इतनी निरंकुश, भ्रष्ट और हिंसक सरकार कभी नहीं देखी।
No Comments: