तमिलनाडु ने चुनी नई आवाज : राहुल गांधी

चेन्नई । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने थलपति विजय के तमिलनाडु का सीएम बनने पर बधाई दी है। रविवार को सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। इस शपथ समारोह में राहुल गांधी भी मौजूद रहे। उन्होंने थलपति विजय के साथ मंच साझा किया। इस दौरान दोनों ही नेताओं की बीच बातचीत की भी तस्वीरें सामने आईं। विजय के मुख्यमंत्री की शपथ के बाद राहुल गांधी उन्होंने बधाई दी। एक्स पर पोस्ट में कांग्रेस सांसद ने कहा कि राज्य ने एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज और एक नई कल्पना को चुना है।

राहुल गांधी ने चेन्नई में विजय के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लिया और कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा कीं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा, तमिलनाडु ने चुनाव कर लिया है- एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज, एक नई कल्पना। थिरू विजय को मेरी शुभकामनाएं- आशा है कि वह तमिलनाडु की जनता की आशाओं को पूरा करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि लंबे समय से राज्य की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित करने वाले आदर्श टीवीके प्रमुख के नेतृत्व में सरकार को आगे भी दिशा देते रहेंगे। खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मैं उन्हें, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी और पूरे गठबंधन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

खड़गे ने कहा कि इस सरकार का गठन आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण और तर्कसंगत सोच जैसे उन मूल्यों की स्थायी ताकत को दोहराता है, जिन्होंने तमिलनाडु की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को लंबे समय से आकार दिया है। यह विरासत पेरियार और कामराज की ओर से गढ़ी गई थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तमिलनाडु के लाखों लोगों, खासकर महत्वाकांक्षी युवाओं ने टीवीके पर भरोसा जताया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में ये आदर्श शासन का मार्गदर्शन करते रहेंगे और देश को प्रेरित करेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि ऐसी कामना है कि नई सरकार को करुणा, समावेशिता और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने में बड़ी सफलता मिले। विजय के मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण देखने को मिला। अभिनेता से नेता बने 51 वर्षीय विजय की मुख्य टीम को उनकी पहली सरकार में जगह मिली है। अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह किसी शाही परिवार से नहीं आते और जनता ने उन्हें अपनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह लोगों को झूठे वादे कर धोखा नहीं देंगे।

समारोह में विजय के पिता एस. ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, अभिनेत्री तृषा समेत कई दिग्गज मौजूद थे। यह कार्यक्रम चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। टीवीके के संस्थापक प्रमुख विजय को शनिवार को राज्यपाल की ओर से मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया, जब उनकी पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा में 118 के बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए महत्वपूर्ण समर्थन हासिल कर लिया। इससे दक्षिणी राज्य में सरकार गठन को लेकर कई दिनों से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त हो गई।

लगभग 70 वर्षों में पहली बार गैर-द्रमुक, गैर-अन्ना द्रमुक सरकार बनाने के लिए बहुमत जुटाने हेतु कई दिनों की गहन बातचीत के बाद विजय अंततः शनिवार को वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के चार विधायकों का समर्थन हासिल करने में सफल रहे। कांग्रेस ने चुनाव के तुरंत बाद टीवीके को अपने पांच विधायकों का समर्थन देने का वादा किया था।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics