नई दिल्ली । पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जिस तरह से कार्रवाई की, उसके खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। पंजाब में इस मुद्दे पर आप कार्यकर्ताओं ने राज्य भर में प्रदर्शन भी किया। उन्होंने केंद्र पर उसके नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं। उधर पूरे मामले में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी रिएक्ट किया है। उन्होंने संजीव अरोड़ा को लेकर एक्स पर पोस्ट पर किया, जिसमें लिखा कि उन्हें सलाम।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, किसी भी इंसान का चरित्र मुसीबत के समय पता चलता है। संजीव अरोड़ा ने बीजेपी में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया। उन्हें सलाम। पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी की टीम ने 100 करोड़ रुपये की कथित जीएसटी धोखाधड़ी से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी के बाद शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि इस धोखाधड़ी में संजीव अरोड़ा से जुड़ी कुछ संस्थाएं शामिल हैं।
ईडी की टीम ने 62 वर्षीय संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 में उनके सरकारी आवास पर तड़के छापेमारी के बाद पीएमएलए के तहत हिरासत में लिया था। अधिकारियों का दावा किया कि संजीव अरोड़ा जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। ईडी ने इस कार्रवाई के तहत उत्तर भारत में पांच परिसरों पर छापेमारी की। छापेमारी में दिल्ली के दो कैंपस और गुरुग्राम के उद्योग विहार में स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी का परिसर भी शामिल था।
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी के एक्शन को लेकर अरविंद केजरीवाल लगातार अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने शनिवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा, पंजाब के घर घर में ईडी रेड की चर्चा है। जिस तरह मोदी जी और बीजेपी पंजाब के साथ धक्का कर रहे हैं, लोग उन्हें खूब भला बुरा कह रहे हैं। यहां तक कि बीजेपी वाले खुद भी बीजेपी की खूब बुराई कर रहे हैं। मोदी जी पंजाब को कभी समझे ही नहीं। एक पंजाबी प्यार से अपना सब कुछ दे देगा, लेकिन उसके साथ धक्का करोगे तो पूरी ताकत से बदला लेगा।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में आगे लिखा, मोदी जी, चार ईडी की रेड और करवा दो, बीजेपी की सारी सीटों पे जमानत जब्त हो जाएगी। जिनको आप गिरफ्तार करोगे वो तो चार दिन बाद बाहर आ जाएंगे, पर बीजेपी अगले बीस साल पंजाब में घुसने लायक नहीं बचेगी। वहीं ईडी की कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब में प्रदर्शन किया। उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का पुतला फूंका और उसके खिलाफ नारे लगाए।
No Comments: