कोलकाता । पश्चिम बंगाल का चुनावी रण अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और सियासी घमासान अपने चरम पर है। मतदान से ठीक पहले आरोपों की बौछार और बयानबाजी का तूफान तेज हो गया है। इसी उबाल के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंच से सीधा वार करते हुए तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर गंभीर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के शासन में राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और जनता डर, भ्रष्टाचार और अपराध के साये में जीने को मजबूर है।
बंगाल के बीरभूम जिले के सैंथिया में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग और निवेश कम हो रहे हैं क्योंकि यहां सुरक्षा की कमी है। उन्होंने कहा कि जहां देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, वहीं बंगाल पीछे रह गया है।
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में भ्रष्टाचार, जमीन माफिया और भाई-भतीजावाद बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी और महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने दुर्गा स्क्वॉड बनाने का वादा किया, जो महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगा।
इसके साथ ही सिंह ने यह भी कहा कि राज्य में बेरोजगारी बढ़ रही है और युवा काम के लिए दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। भाजपा सरकार बनने पर 5 साल में 5 लाख नौकरियां देने और हर साल 1 लाख रोजगार देने का वादा किया। रक्षा मंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने के डेढ़ महीने के अंदर सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा।
बांग्लादेश से घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने का काम राज्य सरकार की देरी की वजह से प्रभावित हुआ। भाजपा सरकार बनने पर इस काम को तेजी से पूरा किया जाएगा और घुसपैठ रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने किसानों को बेहतर दाम दिलाने, आयुष्मान भारत योजना लागू करने और बंगाल को मछली उत्पादन में नंबर वन बनाने का वादा भी किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह चुनाव डर और भरोसे के बीच की लड़ाई है और लोगों से भाजपा को वोट देकर नया बंगाल बनाने की अपील की।
No Comments: