नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी, हीटवेव और मानसून से पहले बाढ़ के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार अलर्ट मोड में नजर आ रही है। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो चुकी हैं। ऐसे हालात के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में राहत-बचाव, आपदा प्रबंधन और राज्यों के साथ समन्वय को लेकर अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में हीटवेव और संभावित बाढ़ से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। गृह मंत्री अमित शाह ने संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो। बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), मौसम विभाग, जल संसाधन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गृह मंत्री को विभिन्न राज्यों में गर्मी और मानसून की तैयारियों की जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में अस्पतालों में जरूरी इंतजाम, बिजली-पानी की उपलब्धता, राहत शिविरों की तैयारी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू टीमों की तैनाती जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। अमित शाह ने राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और समय रहते अलर्ट जारी करने के निर्देश भी दिए। सरकार का फोकस इस बार हीटवेव और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने पर है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
No Comments: