सपनों को पूरा करना ये हमारा मकसद : पीएम मोदी

'सैनी सरकार ने किया नौकरियों में भ्रष्टाचार का इलाज'

हिसार (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर हिसार एयरपोर्ट से उड़ान सेवा की शुरुआत की। जिसके बाद हिसार-अयोध्या फ्लाइट एयरपोर्ट से रवाना हुई। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने यहां हिसार हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास भी किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की निगरानी में बनने वाले इस भवन के निर्माण पर करीब 503 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें एक मॉडर्न यात्री टर्मिनल, एक कार्गो टर्मिनल और एक एटीसी भवन शामिल होगा।

पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि खाटे जवान, खाटे खिलाड़ी, और थारा भाईचारा जो है हरियाणा की पहचान। हिसार से मेरी इतनी यादें जुड़ी हुई हैं। जब भाजपा ने मुझे हरियाणा की जिम्मेदारी दी थी, तो यहां अनेक साथियों के साथ मैंने लंबे समय तक काम किया। इन सभी साथियों के परिश्रम ने भाजपा की हरियाणा में नींव को मजबूत किया है।

कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए, पूरे देश के लिए और खासकर दलित, पीड़ित, वंचित, शोषित के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उनके जीवन में ये दूसरी दिवाली है। आज संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर की जयंती है। उनका जीवन, उनका संघर्ष, उनका संदेश हमारी सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा स्तंभ बना है। हर दिन, हर फैसला, हर नीति, बाबा साहब को समर्पित है।

इनके जीवन में बदलाव लाना, इनके सपनों को पूरा करना ये हमारा मकसद है। इसके लिए निरंतर विकास, तेज विकास, यही भाजपा सरकार का मंत्र है। साथियों, इसी मंत्र पर चलते हुए आज हरियाणा से अयोध्या धाम के लिए फ्लाइट शुरू हुई है। यानी अब श्रीकृष्ण जी की पावन भूमि हरियाणा, श्रीराम जी की भूमि से सीधी जुड़ गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि बहुत जल्द यहां से दूसरे शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू होंगी। आज हिसार एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास भी हुआ है। यह शुरुआत हरियाणा के विकास को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएगी। हरियाणा के लोगों को इस नई शुरुआत के लिए ढेर सारी बधाई देता हूं। कहा कि मेरा आपसे वादा रहा है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में उड़ेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को सत्ता हासिल करने का एक हथियार बना दिया है। जब-जब कांग्रेस को सत्ता का संकट दिखा, उन्होंने संविधान को कुचल दिया। कांग्रेस ने संविधान की स्पिरिट को कुचला। संविधान की भावना है कि सबके लिए एक जैसी नागरिक संहिता हो, जिसे मैं कहता हूं यूनिफॉर्म सिविल कोड, लेकिन कांग्रेस ने इसे लागू नहीं किया। उत्तराखंड में बीजेपी सरकार आने के बाद यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू हुआ। डंके की चोट पर लागू हुआ। देश का दुर्भाग्य देखिए, संविधान को जेब में लेकर बैठे हुए लोग, ये कांग्रेस के लोग, उसका विरोध कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संविधान में एससी, एसटी, ओबीसी के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया, लेकिन कांग्रेस ने उनको आरक्षण पहुंचा कि नहीं पहुंचा, कांग्रेस ने उसकी कभी परवाह नहीं की। कांग्रेस ने बाबा साहब आंबेडकर ने जो सपना देखा था, उसको भी पूरा नहीं किया। संविधान के प्रावधान को तुष्टिकरण का माध्यम बना दिया।

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने पेंशन में भी एससी, एसटी, ओबीसी के अधिकार छीनकर धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया। जबकि संविधान में बाबा साहब ने साफ लिखा है कि संविधान में कतई धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। हमारे संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब आंबेडकर और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न नहीं दिया था। इन्हें भारत रत्न तब मिला, जब केंद्र में भाजपा के समर्थन की सरकार आई। साथियों, सामाजिक न्याय और गरीब कल्याण के पथ को हरियाणा की भाजपा सरकार भी निरंतर सशक्त कर रही है। सरकारी नौकरियों की भी हरियाणा में क्या हालत थी, आप सबको पता है। लोग कहते थे कि नौकरी लगनी है तो किसी नेता के साथ हो लो। नौकरी के लिए बापू की जमीन और मां के जेवर तक बिक जाया करते थे, लेकिन हमारी नायब सिंह सैनी की सरकार ने इसका इलाज कर दिया है।

बिना पर्ची, बिना खर्ची के आधार पर यहां की सरकार नौकरियां दे रही है। यहां के 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी न मिले, इसके लिए कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ ली और हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं। यह है भाजपा सरकार का सुशासन। अच्छी बात यह है कि नायब सिंह सैनी की सरकार आने वाले वर्षों में हजारों नई नौकरियों का रोडमैप बनाकर चल रही है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics