भारत बना वैश्विक शक्ति, किसानों और गरीबों को मिला नया संबल: शिवराज

‘मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और शक्तिशाली भारत का निर्माण’

पटना । पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा कार्यालय में पीसी की। उन्होंने कहा कि जब भी वे बिहार की धरती पर आते हैं तो उनका मन प्रसन्न हो जाता है, क्योंकि यह परंपरा, ज्ञान और महान विभूतियों की भूमि है। जयप्रकाश नारायण और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुषों ने बिहार की धरती को गौरवान्वित किया है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, शक्तिशाली और विकसित भारत के निर्माण का महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश निराशा और हताशा के दौर से गुजर रहा था तथा वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान अपेक्षित स्तर पर नहीं था। लेकिन पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि देश में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने दुनिया के सामने भारत की नई ताकत और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है।

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 60 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है तथा करोड़ों परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है और 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। जनधन योजना ने देश में वित्तीय समावेशन की नई क्रांति लाई है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से उभरती शक्ति बन चुका है। देश का निर्यात लगातार बढ़ा है और भारत अब रक्षा उपकरणों का आयातक ही नहीं बल्कि निर्यातक भी बन गया है। रक्षा निर्यात 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया अभियान ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और डिजिटल भुगतान के मामले में भारत दुनिया में नंबर-1 स्थान पर पहुंच चुका है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी किसानों को यूरिया उचित मूल्य पर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है।

कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित कमी के सवाल पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार इस विषय पर उचित समय पर निर्णय लेगी और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके पहले शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज राजधानी पटना में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया।

अपने पटना दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान विद्यापति भवन पहुंचे, जहां मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं, किसानों के हित में लिए गए फैसलों और देश के बुनियादी ढांचे में हुए व्यापक बदलावों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

कार्यक्रम की शुरुआत पटना के गोलघर स्थित पार्क में आयोजित स्वच्छता अभियान से हुई। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की। उनके साथ बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास की साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदार बने।

स्वच्छता अभियान के बाद केंद्रीय मंत्री एमएलए फ्लैट परिसर पहुंचे, जहां पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिवराज सिंह चौहान ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

जिस दौरान उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics