खड़गे का सरकार पर हमला, बोले- संसद से भाग रहे हैं मोदी और शाह

'संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के साथ कांग्रेस'

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार के साथ-साथ पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा 15 दिन से सदन चल रहा है और गृह मंत्री गायब हैं, प्रधानमंत्री आ नहीं रहे हैं। इसके दो ही मतलब हो सकते हैं। एक या तो वे संसद को नजरअंदाज कर रहे हैं ये समझ रहे हैं कि संसद है ही नहीं। या तो वो डर के सदन में आकर उत्तर नहीं देना चाह रहे हैं।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम चाहते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री सदन में आएं और देश को बताएं कि छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था। उन्होंने सरकार पर अहंकार दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि या तो सरकार डर गई है या फिर वह संसद के वजूद को कोई महत्व नहीं दे रही है। खड़गे ने बताया कि उन्होंने राज्यसभा में भी इस मुद्दे को उठाया और जवाब मांगा, लेकिन सरकार बयान देने के लिए तैयार नहीं हुई। विपक्षी सांसदों ने सभापति से मिलकर मांग की है कि प्रधानमंत्री इस पर माफी मांगें और गृह मंत्री सदन में आकर आधिकारिक बयान दें। सभापति ने भी संसदीय कार्य मंत्री को इस बात से अवगत करा दिया है कि पूरा सदन चाहता है कि गृह मंत्री आकर इस पर जवाब दें।

उन्होंने आगे कहा कि हम फिर कह रहे हैं कि छात्रों के साथ बर्बरता की गई। उनके ऊपर लाठीचार्ज किया गया और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। इस पर पीएम मोदी को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और गृहमंत्री को जवाब देना चाहिए। मुझे समझ में नहीं आता कि गृहमंत्री को सदन में आकर बयान देने में क्या दिक्कत है। या तो वो डर कर सदन में नहीं आ रहे या फिर वो सदन को अनदेखा कर रहे हैं।

झारखंड के छात्र आंदोलन पर बात करते खड़गे ने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से छात्रों के साथ है। चाहे मामला झारखंड का हो, पंजाब का हो, दिल्ली का हो या देश के किसी भी हिस्से का हो, पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics