नई दिल्ली । भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम बैठक मंगलवार को राजधानी दिल्ली में हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और साझेदारी को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। बैठक के दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों के रूप में दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उन पर है।
विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की पिछली मुलाकात नवंबर में हुई थी, जिसने द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई संसद के स्पीकर की जनवरी में भारत यात्रा भी दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का संकेत रही। जयशंकर ने बताया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मौजूदा आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता को आगे बढ़ाकर अब व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता बनाने पर चर्चा चल रही है।
बैठक में ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जयशंकर ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ यूरेनियम आपूर्ति के क्षेत्र में भी साझेदारी का विस्तार करना चाहता है। इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिज को लेकर दोनों देशों की टीमों के बीच लगातार बातचीत जारी है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास और रक्षा आदान-प्रदान नियमित रूप से हो रहे हैं।
जयशंकर ने हाल ही में हुई क्वाड बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि यह बैठक बेहद सकारात्मक रही और इसमें सहयोग के कई मुद्दों पर अच्छी चर्चा हुई। क्वाड समूह में भारत, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और जापान शामिल हैं और यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
No Comments: