बॉर्डर के पास अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त, सीमाओं पर ‘360 डिग्री सुरक्षा कवच’ की तैयारी

नई दिल्ली । देश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय कई फ्रंट पर एक साथ काम कर रहा है। इसमें जहां देश में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर खदेड़ने का काम शुरू किया जा रहा है, वहीं देश के इंटरनेशनल बॉर्डर से लगते 15 किलोमीटर के दायरे में अगर किसी ने अवैध निर्माण कर रखा है तो अब उस पर बुलडोजर चलाकर गिरा दिया जाएगा। सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा के लिए 360 डिग्री सुरक्षा ग्रिड बनाने की बात कही गई है।

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को यह निर्देश राजस्थान के बीकानेर में बॉर्डर सिक्योरिटी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए की गई सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग में दिए। जिसमें शाह ने दो टूक शब्दों में कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में किए गए किसी भी तरह के अवैध निर्माणों को हर सूरत में जमींदोज किया जाए।

इससे पहले 26 फरवरी को शाह ने एसएसबी के एक प्रोग्राम के दौरान बिहार के अपने दौरे में इंटरनेशनल बॉर्डर से 10 किलोमीटर के दायरे में अवैध निर्माणों को धवस्त करने की बात कही थी। जिसे अब 15 किलोमीटर की दूरी तक बढ़ा दिया गया है।

सूत्रों का कहना है कि इसमें बॉर्डर के इस टारगेट एरिया में जितने भी अवैध निर्माण बने हैं। उन्हें तो गिराना ही है, साथ ही यह भी पता लगाना होगा कि जो भी महंगी कमर्शियल या रेजिडेंशियल बिल्डिंग बनाई गई हैं। उनके मालिक कौन हैं और इसके लिए पैसा कहां से आया?

अधिकारियों का कहना है कि गृह मंत्री के इस ताजा आदेश के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत अन्य देशों से लगते बॉर्डर इलाकों में जल्द ही बुलडोजर चलता नजर आएगा। लेकिन इससे पहले बीएसएफ , आर्मी, स्थानीय राज्य सरकार प्रशासन और पुलिस मिलकर इन अवैध निर्माणों की पहचान कर इसकी लिस्ट तैयार करेंगे। ताकि उन्हें गिराया जा सके।

गृह मंत्री ने मंगलवार शाम को की गई इस सुरक्षा समीक्षा में बीएसएफ, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड और एनसीबी, एजेंसियों समेत राज्य सरकारों से कहा है कि वह घुसपैठ, नारकोटिक्स, अतिक्रमण, आतंकी वित्तपोषण और सीमापार से हो रहे अपराधों पर निगरानी रखने के साथ उन पर शिकंजा कसें। इसके साथ ही गृह मंत्री शाह की 29 मई को गुजरात में पाकिस्तान बॉर्डर से लगते भुज एरिया की विजिट को भी बेहद अहम माना जा रहा है।

यहां वह सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले हरामी नाले का भी दौरा करेंगे। इस पाइंट से घुसपैठिया और तस्कर मौका मिलते ही घुसपैठ और तस्करी की कोशिश करते हैं। इस एरिया में निगरानी रखना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। जिसके लिए शाह बीएसएफ को दुनिया की सबसे आधुनिक तकनीक के साथ देश के पूरे बॉर्डर इलाके को सुरक्षित रखने का काम भी करेंगे। यहां वह 360 डिग्री घूमने और मोबाइल फोन से भी ऑपरेट किए जाने वाले पीटीजेड कैमरों के कंट्रोल रूम भी जाएंगे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics