मनी लॉन्ड्रिंग केस में दीपक सिंगला गिरफ्तार

बीजेपी में शामिल न होने की सजा मिली : केजरीवाल

नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को दिल्ली और गोवा में छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। सिंगला 2024 विधानसभा चुनाव में दिल्ली के विश्वास नगर सीट से आप के उम्मीदवार रह चुके हैं।

ईडी इससे पहले 2024 में भी दीपक सिंगला के ठिकानों पर छापा मार चुकी है। एजेंसी का दावा है कि यह मामला बैंक लोन फ्रॉड और उससे जुड़े धन शोधन नेटवर्क से संबंधित है। फिलहाल ईडी सिंगला से पूछताछ कर रही है और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।

आम आदमी पार्टी ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दीपक सिंगला को किसी गलत काम के लिए नहीं, बल्कि बीजेपी के खिलाफ सक्रिय रहने और भाजपा में शामिल होने से इनकार करने की वजह से गिरफ्तार किया गया है। केजरीवाल ने उन्हें ‘बहादुर’ बताते हुए कहा कि वह देश के लिए लड़ रहे हैं।

दीपक सिंगला की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की राजनीति में नया टकराव शुरू हो गया है। आप इसे केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला बता रही है, जबकि बीजेपी नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसियां सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं। आने वाले दिनों में यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर और गरमा सकता है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics