चीन आर्टिफिशियल सन बना रहा, मोदी बच्चों पर एफआईआर में व्यस्त : केजरीवाल

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा, एक तरफ चाइना आर्टिफिशियल सन बना रहा है और दूसरी तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री उन छोटे-छोटे बच्चों पर एफआईआर कराने में व्यस्त हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री का सोशल मीडिया पर कोई मजाक उड़ा दिया।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाने वाले छोटे-छोटे बच्चों के खिलाफ एफआईआर कराई जा रही है। एक्स पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि एक ओर चीन ‘आर्टिफिशियल सन’ जैसी भविष्य की तकनीक विकसित करने में जुटा है, जबकि भारत में सरकार विकास के बजाय ऐसे मुद्दों में उलझी हुई है।

केजरीवाल ने कहा कि टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के मुताबिक, चीन न्यूक्लियर फ्यूजन तकनीक पर आधारित ‘आर्टिफिशियल सन’ बना रहा है, जिससे असीमित और स्वच्छ ऊर्जा पैदा होगी। उन्होंने दावा किया कि यह परियोजना 2030 तक पूरी हो सकती है। इसके विपरीत उन्होंने कहा कि भारत में अब भी सड़कें, पुल और बुनियादी ढांचे की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

केजरीवाल ने कहा कि देश के कई शहरों में एक बारिश के बाद हालात बिगड़ जाते हैं। सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, पुलों की स्थिति खराब है और जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान इन समस्याओं के समाधान पर नहीं, बल्कि राजनीतिक गतिविधियों पर अधिक है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनहित के मुद्दों की बजाय सांसदों और विधायकों की खरीद-फरोख्त, विपक्षी दलों को तोड़ने और चुनावी राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार झूठे वोट जोड़ने और वोट कटवाने जैसे कामों में लगी हुई है, जबकि देश को विकास और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है।

अपने वीडियो के अंत में अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उन बच्चों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करा रहे हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि भारत को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जिसकी सोच भविष्य की हो और जो विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और बुनियादी विकास को प्राथमिकता देकर देश को आगे ले जाए।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics