नारी सब भूल सकती है, अपमान नहीं : पीएम मोदी

'महिलाएं अपमान का जवाब जरूर देंगी'

राजेश अलख

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। महिला आरक्षण बिल को लेकर शनिवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि संसद में विपक्ष का व्यवहार महज शोर-शराबा नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के आत्मसम्मान पर गहरी चोट थी। उन्होंने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती।

पीएम मोदी ने कहा कि कल संसद के भीतर जो कुछ भी हुआ, वह केवल मेज की थपथपाहट नहीं थी, बल्कि वह नारी शक्ति के स्वाभिमान को कुचलने की कोशिश थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पाप की सजा उन्हें जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब ये नेता जनता के बीच अपने क्षेत्रों में जाएंगे, तो देश की महिलाएं इन्हें कभी माफ नहीं करेंगी। महिलाओं को याद रहेगा कि कैसे इन लोगों ने उनके हक को रोकने की कोशिशों पर जश्न मनाया था?

कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि यह दल बुनियादी रूप से महिला शक्ति से नफरत करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण के मार्ग में रोड़े अटकाए हैं। कभी आंकड़ों का मायाजाल बुनकर तो कभी प्रक्रिया के नाम पर, कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सिर्फ झूठ का सहारा लिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के विरोध ने विपक्ष के चेहरे से ‘महिला हितैषी’ होने का मुखौटा पूरी तरह उतार दिया है। विपक्ष ने देश को गुमराह करने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन भारत की नारी शक्ति अब जागरूक है और वह अपने अधिकारों की राह में आने वाली हर बाधा को पहचानती है। पीएम मोदी ने एक बार फिर विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्षी पार्टियों का आचरण नारी शक्ति के प्रति उनकी नफरत को दिखाता है। महिलाएं इस अपमान का बदला लोकतांत्रिक तरीके से जरूर लेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण को रोकने के लिए झूठ और षडयंत्र का सहारा लिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics