सिक्किम प्रेस क्लब को मिला नया नेतृत्व, समीर हांग लिम्बू बने अध्यक्ष

गंगटोक : सिक्किम प्रेस क्लब (पीसीएस) की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के लिए रविवार को गंगटोक स्थित प्रेस क्लब कार्यालय में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव समिति के अध्यक्ष पूरण तमांग की देखरेख में किया गया। समिति में उषा शर्मा, अंबर गुरुंग और जीएस लिम्बू सदस्य के रूप में शामिल थे।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में समीर हांग लिम्बू ने 86 मत हासिल कर डिल्ली राम दुलाल को पराजित किया, जिन्हें 61 वोट मिले। निवर्तमान अध्यक्ष भीम रावत का कार्यकाल इस चुनाव के साथ समाप्त हो गया। कार्यकारी अध्यक्ष पद पर सुकराज एरॉन राई ने 75 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ईश्वर न्‍योपाने को हराया, जिन्हें 71 वोट मिले।

उपाध्यक्ष के तीन पदों पर विकास छेत्री (98 वोट), दीपेन छेत्री (90 वोट) और रबिन शर्मा (81 वोट) निर्वाचित हुए। अन्य उम्मीदवारों में विनोद तमांग को 77 और प्रकाश गुरुंग को 71 मत प्राप्त हुए। संयुक्त सचिव के तीन पदों पर आनंद ओबेरॉय (104 वोट), एनबी छेत्री (98 वोट) और नवदीप शर्मा (96 वोट) विजयी रहे। वहीं छिरिंग ईडन भूटिया को 65 तथा बेनू प्रकाश तिवारी को 51 वोट मिले।

कोषाध्यक्ष पद पर जगा नाथ शर्मा ने 84 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रुद्र मणि शर्मा को 62 वोट मिले। महासचिव, प्रचार सचिव और सहायक कोषाध्यक्ष के पदों पर क्रमशः होमनाथ दबारी, पंकज ढुंगेल और सुबेन प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी 2026-27 कार्यकाल के दौरान पेशेवर पत्रकारिता को बढ़ावा देने, मीडिया कर्मियों के हितों की रक्षा करने तथा राज्य के पत्रकारों के बीच एकता को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेगी।

 

मुख्यमंत्री ने सिक्किम प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को दी बधाई

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम प्रेस क्लब (पीसीएस) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव योगन तामांग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में अध्यक्ष निर्वाचित हुए समीर हांग लिम्बू सहित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मीडिया लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने, पारदर्शिता को बढ़ावा देने और जनता को सूचित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी पेशेवर पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए मीडिया कर्मियों के हितों की रक्षा करेगी तथा सिक्किम में जिम्मेदार और रचनात्मक पत्रकारिता को और मजबूत बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि नए नेतृत्व में सिक्किम प्रेस क्लब पत्रकारों के कल्याण और राज्य के मीडिया क्षेत्र के विकास के लिए एक सशक्त संस्था के रूप में कार्य करता रहेगा।

उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सफल, प्रभावी और जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए मीडिया जगत और सिक्किम की जनता की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics