नाथुला फिर बना भारत-चीन व्यापार का सेतु

नाथुला व्यापार से सिक्किम की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती : मंत्री भूटिया

गंगटोक : सिक्किम के नाथुला पास के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शनिवार से पुन: शुरू हो गया। वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण बंद हुआ यह ऐतिहासिक व्यापार मार्ग अब एक बार फिर खुल गया है। नो मैन्स लैंड में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान वर्ष 2026 के सीमा व्यापार सत्र को औपचारिक रूप से शुरू घोषित किया गया। इस अवसर पर सिक्किम सरकार और चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के अधिकारियों ने भारत और चीन के सीमा द्वारों के बीच उपहार, ट्रेड पास, पारंपरिक रेशमी खादा तथा स्मृति चिह्नों का आदान-प्रदान भी किया।

औपचारिक उद्घाटन के बाद शेरेथांग ट्रेड मार्ट में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री टीटी भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं समाज कल्याण तथा महिला, बाल, वरिष्ठजन एवं दिव्यांग कल्याण सलाहकार पामिन लेप्चा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टीटी भूटिया ने कहा कि नाथुला सीमा व्यापार की बहाली सिक्किम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक व्यापार मार्ग का पुन: संचालन केंद्र सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, पीएम गति शक्ति और विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि नाथुला सीमा व्यापार और नाथुला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा की सफल बहाली से इस पास का व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आध्यात्मिक संपर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में महत्व बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सीमा व्यापार और कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली भारत और चीन के बीच सीमापार संपर्क तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में सिक्किम सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और लोगों के लिए स्थायी आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नाथुला व्यापार मार्ग के माध्यम से पंजीकृत व्यापारियों को सिक्किम के हथकरघा उत्पादों, हस्तशिल्प, जैविक कृषि उत्पादों और अन्य अधिसूचित वस्तुओं के विपणन का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।

मंत्री भूटिया ने जानकारी दी कि वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने विदेश व्यापार महानिदेशालय को अतिरिक्त वस्तुओं को व्यापार सूची में शामिल करने, व्यापार की मात्रा बढ़ाने तथा सीमा व्यापार व्यवस्था के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक पंजीकृत व्यापारी को प्रतिदिन केवल दो लाख रुपये तक का व्यापार करने की अनुमति है, जबकि यह सीमा वर्षों पहले तय की गई थी। बदलती बाजार परिस्थितियों और मुद्रा मूल्य को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से दैनिक व्यापार सीमा बढ़ाने और अधिसूचित व्यापारिक वस्तुओं की सूची का विस्तार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने सीमा व्यापार को पुन: शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार, संबंधित मंत्रालयों, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सीमा शुल्क विभाग, सिक्किम पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक एवं सलाहकार पामिन लेप्चा ने कहा कि नाथुला के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार की बहाली क्षेत्र की समृद्ध व्यापारिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने वाली ऐतिहासिक घटना है। इसका विशेष लाभ ग्नाथांग और आसपास के सीमावर्ती गांवों के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में सहयोग करने वाले सीमावर्ती निवासियों के योगदान और संघर्ष की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सीमा व्यापार का लाभ वास्तविक सीमावर्ती निवासियों और छोटे स्थानीय व्यापारियों तक पहुंचे। लेप्चा ने कहा कि सीमा व्यापार से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया को पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय व्यापारियों, वाहन चालकों, मजदूरों, उद्यमियों और युवाओं को इसका प्राथमिक लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग सचिव कर्मा डी युत्सो ने सीमा व्यापार की बहाली पर संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि नाथुला के रास्ते व्यापार छह वर्षों के अंतराल के बाद फिर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण व्यापार स्थगित कर दिया गया था। केंद्र सरकार से पिछले वर्ष के अंत में निर्देश और पत्राचार मिलने के बाद व्यापारिक ढांचे की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया गया। उन्होंने कहा कि सीमा व्यापार की बहाली क्षेत्रीय संपर्क, सीमावर्ती गांवों के सामाजिक-आर्थिक विकास और शांतिपूर्ण सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उद्यमियों और अन्य हितधारकों के लिए आर्थिक संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

युत्सो ने बताया कि नाथुला और शेरेथांग को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। सभी व्यापारियों और अन्य संबंधित लोगों को इस्तेमाल के बाद प्लास्टिक कचरा वापस ले जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार को 25 भारतीय व्यापारी पहली खेप के रूप में चीन जाएंगे, जबकि अतिरिक्त व्यापार परमिट जारी होने के साथ आने वाले दिनों में और व्यापारी भी सीमा व्यापार में शामिल होंगे। समारोह के दौरान लाभार्थियों को बॉर्डर ट्रेड पास तथा कैफेटेरिया आवंटन आदेश भी प्रदान किए गए।

चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के यादोंग काउंटी में नाथुला पास से लगभग 16 किलोमीटर दूर स्थित रेनकिंगगांग भारतीय व्यापारियों के लिए निर्धारित व्यापार केंद्र है। इसी तरह शेरेथांग ट्रेड मार्ट चीनी व्यापारियों के लिए निर्धारित व्यापार स्थल के रूप में काम करता है। उल्लेखनीय है कि भारत और चीन ने 23 जून 2003 को सीमा व्यापार के विस्तार से संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत नाथुला को दोनों देशों के बीच सीमा व्यापार के लिए खोलने की अनुमति दी गई थी। नाथुला भारत और चीन के बीच तीसरा सीमा व्यापार केंद्र है। अन्य दो व्यापारिक मार्ग उत्तराखंड का लिपुलेख दर्रा और हिमाचल प्रदेश का शिपकी ला दर्रा हैं।

सीमा व्यापार के नियम दिसंबर 1991 में हस्ताक्षरित सीमा व्यापार बहाली समझौते तथा जुलाई 1992 में हस्ताक्षरित सीमा व्यापार प्रवेश और निकास प्रक्रिया प्रोटोकॉल के अनुसार निर्धारित किए गए हैं। दोनों समझौतों के प्रावधान नाथुला के रास्ते होने वाले व्यापार पर भी लागू होंगे। आज के समारोह में मंत्री साम्दुप लेप्चा, विधायक एवं सलाहकार दिले नामग्याल बारफुंग्पा, विधायक सोनम वेन्चुंग्पा, गंगटोक नगर निगम की मेयर छिरिंग पाल्देन भूटिया, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी, भारत-चीन सीमा व्यापारी कल्याण संघ, नाथुला बॉर्डर ट्रेड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक उपस्थित थे।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics