सिवान पुलिस महकमे में हड़कंप, 21 थानाध्यक्षों का वेतन रोका गया

सिवान । बिहार के सिवान जिले में 21 थानाध्यक्षों पर कार्रवाई हुई है। सिवान के एसपी पूरन कुमार झा ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिले के 21 थानाध्यक्षों पर बड़ी कार्रवाई की है। त्वरित विचारण और गंभीर मामलों के निष्पादन में शिथिलता पाए जाने पर सभी संबंधित थानाध्यक्षों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की ओर से गंभीर और चर्चित मामलों के जल्द निपटाने, साक्ष्य पूर्ण मामलों में जल्द जांच पूरी करने को लेकर लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। इसी क्रम में सिवान पुलिस कार्यालय दो महीनों से सभी थानों को ऐसे मामलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दे रहा था।

बावजूद इसके अधिकांश थानेदारों ने एसपी के निर्देश का अनदेखा करते हुए सूची उपलब्ध नहीं कराई। इसे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए एसपी ने सख्त कदम उठाया। जिन थानाध्यक्षों पर कार्रवाई की गई है, उनमें नगर, मुफस्सिल, बड़हरिया, हुसैनगंज, धनौती, महादेवा, सराय, जीरादेई, मैरवा, गुठनी, आंदर, रघुनाथपुर, असांव, एमएच नगर, सिसवन, चैनपुर, जीबी नगर, बसंतपुर, दरौंदा, महिला थाना तथा एससी-एसटी थाना के थानाध्यक्ष शामिल हैं।

एसपी ने इनके वेतन को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। उन्हें शीघ्र लंबित कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics