नालंदा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में पूरे बिहार को राह दिखाई : विजय चौधरी

नालन्दा । नालंदा के विकास काम की गति काफी संतोषजनक है। खासकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले ने बेहतरीन काम करते हुए सूबे में एक मिसाल पेश की है। संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) के मामले में नालंदा 82 प्रतिशत की शानदार उपलब्धि के साथ पूरे बिहार में अव्वल बन गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के हरदेव भवन में आयोजित ‘जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ की अहम बैठक के बाद सूबे के उपमुख्यमंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने प्रेस वार्ता में यह बातें कहीं।

उपमुख्यमंत्री ने जिले में हो रहे नवाचार (इनोवेशन) की तारीफ की। उन्होंने बताया कि अब अस्पतालों के प्रवेश द्वार पर ही एक बड़ा बोर्ड लगाया जा रहा है, जिस पर किस दिन और किस समय किस डॉक्टर की ड्यूटी है, इसकी जानकारी डिस्प्ले रहेगी।

कोई भी मरीज देखकर यह जान सकेगा कि उस वक्त किस डॉक्टर को वहां मौजूद होना चाहिए था। यदि कोई डॉक्टर बिना उचित कारण या पूर्व अनुमति के ड्यूटी से गायब मिलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उत्कृष्ट काम के लिए प्रभारी मंत्री ने डीएम और पूरे स्वास्थ्य महकमे को बधाई दी।

बैठक में बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि प्री-मानसून की इस अच्छी बारिश से किसानों को धान का बिचड़ा तैयार करने में बड़ी मदद मिलेगी। अगेती खेती हमेशा फायदेमंद होती है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में मौसम की भविष्यवाणी करना मुश्किल है, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि इस बार अच्छी बारिश होगी और किसानों की पैदावार बेहतर होगी। समय पर बीज आवंटन के सवाल पर उन्होंने आश्वस्त किया कि निगम के माध्यम से जल्द ही बीज जिले में पहुंचने वाला है।

प्रेस वार्ता के दौरान जब पावापुरी अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड न होने और इलाज के अभाव में एक युवक की मौत का मुद्दा उठा, तो प्रभारी मंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल की कमियों को देखा जाएगा और जल्द ही उचित व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, बैठक में जनप्रतिनिधियों ने खराब चापाकल, बिजली की समस्या और डैमेज पुल-पुलिया के मुद्दे भी उठाए, जिन्हें दूर करने का सख्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।

कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के बाद उपमुख्यमंत्री ने नवगठित ‘जिला नागरिक परिषद’ की बैठक भी की। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट व अन्य जगहों पर चल रहे युद्ध के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव है। ऐसे संकट के समय में प्रधानमंत्री ने आम नागरिकों से देशहित में काम करने की जो अपील की है, उसे गांव-गांव तक पहुंचाना जरूरी है। परिषद के सदस्य लोगों को उनके नागरिक दायित्वों और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक में जिले के कई विधायक, विधान पार्षद और मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics