मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा देश के टॉप-3 जिलाधिकारियों में शामिल

हाजीपुर । मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा को प्रतिष्ठित फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बिहार में पहला और पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है, जिसे प्रशासनिक तंत्र, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मधुबनी की बड़ी सफलता बताया है। फेम इंडिया द्वारा कराए गए इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देशभर के लगभग 800 जिलों के जिलाधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया।

मूल्यांकन के लिए 10 प्रमुख मानकों को आधार बनाया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, जवाबदेही, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, विकासोन्मुख सोच, संवेदनशीलता, व्यवहार कुशलता और त्वरित निर्णय क्षमता शामिल थे। इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आनंद शर्मा को देश के शीर्ष जिलाधिकारियों में स्थान मिला।

डीएम आनंद शर्मा के नेतृत्व में मधुबनी जिले ने प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल गवर्नेंस, पंचायत सशक्तिकरण, निर्वाचन प्रबंधन, लोक शिकायत निवारण, भूमि प्रबंधन तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उनके द्वारा विकसित ‘मधुबनी फर्स्ट डैशबोर्ड’ प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिससे योजनाओं की वास्तविक समय पर निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

उनके नेतृत्व में मधुबनी को वर्ष 2026 में राष्ट्रपति द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था। इससे पूर्व, जिले को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार’ जैसी राष्ट्रीय उपलब्धियां भी प्राप्त हो चुकी हैं।

फेम इंडिया पत्रिका ने अपने विशेष अंक में आनंद शर्मा को ‘दूरदर्शी’ श्रेणी में प्रमुख स्थान देते हुए उन्हें जनकेंद्रित और परिवर्तनकारी प्रशासक बताया है।

इस उपलब्धि पर जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने जिलाधिकारी को बधाई दी है। आनंद शर्मा ने इस सम्मान का श्रेय मधुबनी की जागरूक जनता, जिला प्रशासन की पूरी टीम, जनप्रतिनिधियों तथा सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे मधुबनी जिले का है और भविष्य में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics