आंदोलन छोड़ तैयारी करें, सरकार भर्ती प्रक्रिया पर कर रही काम : मिथिलेश तिवारी

टीआरई 4 नोटिफिकेशन को लेकर बिहार में बढ़ा बवाल

पटना । बिहार लोक सेवा आयोग ( बीपीएससी ) की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई 4.0 के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी जहां आंदोलनरत हैं। वहीं बिहार के शिक्षा मंत्री ने कोचिंग चलाने वालों पर अभ्यर्थियों को भड़काने का आरोप लगा दिया। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कोई नागपुर से जहाज से आ रहा तो कोई मुंबई से फ्लाइट पकड़कर आ रहा है। हमने पता कराया तो पता चला ये लोग तो बिहार के हैं ही नहीं।

मीडिया से बात करते हुए Mithilesh Tiwari ने कहा कि कुछ बाहरी लोग बिहार आकर अभ्यर्थियों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। ये सब खबर मिली है कि कोई मुंबई से जहाज से आ रहा है तो कोई नागपुर से। उन्होंने कहा कि सरकार इस बात पर भी नजर रख रही है कि आंदोलन में कौन-कौन लोग शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीति दल भी छात्रों का आड़ में अपनी सियासी रोटियां सेंकने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार इस पूरे मामले पर नजर रख रही है।

इसके पहले प्रदेश के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से आंदोलन का रास्ता छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील की है। मिथिलेश तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार टीआरई-4 भर्ती को लेकर लगातार तैयारी कर रही है। आंदोलन करने से कोई फायदा नहीं है। जो चीज होने जा रही है, उसी के लिए आंदोलन यह ठीक नहीं लग रहा है। वैसे किसी को आंदोलन करने से रोका नहीं जा सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील की।

इस बीच, बिहार में बुधवार को भी टीआरई 4 शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर छात्रों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखा। पटना में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन करने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics