गेजिंग : युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पेलिंग स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘विकसित भारत युवा संवाद-अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत जिला माय भारत केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी प्रदीप बैसला के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के यूथ आइकन अमन अग्रवाल ने राष्ट्र विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवा नागरिकों के लिए अपने मतदान अधिकारों को समझना और उनका जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन के लक्ष्यों के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने और भविष्य में नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
अग्रवाल ने चुनावी प्रक्रिया की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसके लिए सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने, अपात्र या गलत प्रविष्टियों को हटाने तथा त्रुटिपूर्ण और पुराने रिकॉर्ड को दुरुस्त एवं अद्यतन करने की जरूरत है। उन्होंने सामाजिक बदलाव में सामूहिक प्रयासों की भूमिका पर भी जोर दिया। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और गलत प्रचार से सतर्क रहने की सलाह देते हुए विद्यार्थियों से किसी भी जानकारी को स्वीकार करने या साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी जागरूकता और युवाओं की भागीदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने तथा वक्ताओं के साथ खुलकर चर्चा करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य यांगदेन शिपमू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं में जागरूकता, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धियों के लिए खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स आइकन मन बहादुर छेत्री को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को ‘लोकतांत्रिक शपथ’ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा, जिम्मेदार नागरिकता और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
No Comments: