स्तन कैंसर जागरूकता के साथ नशामुक्ति का संदेश

रेनॉक : सिक्किम सरकार के रेनॉक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की होम्योपैथिक इकाई द्वारा शनिवार को रोंगडुंग में विश्व स्तन कैंसर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘हर कहानी अनूठी है, हर सफर मायने रखता है’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति जागरुकता बढ़ाना, समय रहते बीमारी की पहचान के महत्व को समझाना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का संचालन रेनॉक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के होम्योपैथिक क्लिनिक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ अश्विन जे ने किया। इस दौरान होम्योपैथिक फार्मासिस्ट सीता अधिकारी और होम्योपैथिक अटेंडेंट महेश थापा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 42 लोगों ने भाग लिया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ अश्विन जे ने प्रतिभागियों को स्तन कैंसर के संभावित चेतावनी संकेतों, बीमारी की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से शरीर में असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करने और आवश्यकता पड़ने पर शीघ्र स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच के तहत हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और रैंडम ब्लड शुगर की जांच की गई। इसके अलावा, प्रत्येक मरीज का व्यक्तिगत स्वास्थ्य आकलन कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। जरूरत के अनुसार उपचार और होम्योपैथिक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

स्तन कैंसर जागरुकता कार्यक्रम के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को भी प्रमुखता से उठाया गया। स्वास्थ्य टीम ने तंबाकू, शराब और अन्य नशीले एवं लत लगाने वाले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया। प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशीले पदार्थों से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक भागीदारी, रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।

रेनॉक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आयुष विभाग ने सुलभ सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोगों से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। विभाग ने नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics