मार्तम ब्लॉक में विकास योजनाओं की समीक्षा, बेहतर समन्वय पर जोर

गंगटोक : गंगटोक में 12 अक्टूबर को एडीसी (विकास) चिरन रिजाल की अध्यक्षता में मार्तम ब्लॉक के अधिकारियों और जीपीयू के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय एवं समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक बेहतर जनसेवाएं पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर चर्चा हुई।

बैठक में मार्तम के बीडीओ सोनम पाल्देन भूटिया, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान मार्तम ब्लॉक में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तुत की।

इस दौरान मार्तम ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली चारों ग्राम पंचायत इकाइयों की ग्राम पंचायत विकास योजना की रिपोर्ट संबंधित पंचायत अध्यक्षों ने औपचारिक रूप से एडीसी (विकास) चिरन रिजाल को सौंपी। बैठक में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ उनके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। सरकारी कार्यक्रमों को समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए प्रखंड प्रशासन, ग्राम पंचायत इकाइयों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी (विकास) चिरन रिजाल ने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से अधिक समर्पण, अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी योजना निर्माण, नियमित निगरानी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। बैठक के समापन पर एडीसी (विकास) चिरन रिजाल के नेतृत्व में नशामुक्त अभियान के तहत शपथ ली गयी। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त समाज के निर्माण में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना था।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics