गंगटोक : पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, सिक्किम सरकार ने जिला प्रशासन केंद्र (डीएसी), गंगटोक के सहयोग से शनिवार को डीएसी के कॉन्फ्रेंस हॉल में विश्व पर्यटन दिवस 2026 मनाया। इस वर्ष का वैश्विक विषय ‘डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन को नया स्वरूप देना’ रहा, जिसमें पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गंगटोक नगर निगम की मेयर छिरिंग पालदेन भूटिया मुख्य अतिथि तथा सिक्किम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एसटीडीसी) के अध्यक्ष लुकेन्द्र रसाइली विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के संयुक्त निदेशक निर्मल चिंतुरी, डीएसी गंगटोक के एसडीएम मुख्यालय सी.एस. लिम्बू तथा 130 आरसीसी, जीआरईएफ के ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट कर्नल नरेंद्र सिंह वाडिया सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों और संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग टी. भूटिया के वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किए गए। मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यटन को आर्थिक विकास, आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और एआई पर्यटन सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और उत्तरदायी बनाने के साथ पर्यटकों के अनुभव को बेहतर कर सकते हैं। उन्होंने साहसिक, सांस्कृतिक, वेलनेस और अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने तथा तकनीकी विकास के साथ सिक्किम की परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण पर जोर दिया।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि तकनीक ने पर्यटकों के गंतव्य खोजने, यात्रा की योजना बनाने और नए स्थानों का अनुभव करने के तरीकों में तेजी से बदलाव किया है। उन्होंने पर्यटन उद्योग से डिजिटल तकनीक और एआई को अपनाने के साथ सिक्किम की विशिष्ट आतिथ्य परंपरा और मानवीय जुड़ाव को बनाए रखने का आह्वान किया।
गंगटोक नगर निगम की मेयर छिरिंग पालदेन भूटिया ने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने पर्यटकों के लिए सुविधाओं, स्वच्छता, पहुंच और सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटन में ड्राइवरों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि यात्रा के दौरान पर्यटकों को सुरक्षा, स्वच्छता, जिम्मेदार पर्यटन और नियमों से संबंधित छोटी ऑडियो जानकारियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
एसटीडीसी अध्यक्ष लुकेन्द्र रसाइली ने पर्यटन में डिजिटल बदलाव की चर्चा करते हुए होटल, होमस्टे, ट्रैवल एजेंसियों और अन्य सेवा प्रदाताओं से मजबूत डिजिटल उपस्थिति बनाने का आग्रह किया। उन्होंने वेबसाइट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल मार्केटिंग के बढ़ते महत्व के साथ साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग जैसी चुनौतियों के प्रति भी सतर्क रहने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के आईटी सेल की ओर से सहायक निदेशक (आईटी) श्रीजना प्रधान की अगुवाई में प्रस्तुत डिजिटल परिवर्तन पर विस्तृत प्रस्तुति रही। इसमें सिक्किम पर्यटन पोर्टल, सिक्किम दर्शन ऐप, ऑनलाइन होटल, होमस्टे और रेस्तरां पंजीकरण, अतिथि सूचना प्रणाली तथा जियो-टैग्ड होमस्टे मैप जैसी डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी गई। सिक्किम दर्शन ऐप के माध्यम से 50 से अधिक पर्यटन स्थलों की जानकारी, बहुभाषी ऑडियो गाइड, क्यूआर कोड, मानचित्र और आपातकालीन संपर्क उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई।
प्रस्तुति में ई-ऑफिस, टूरिज्म डिपार्टमेंट मैनेजमेंट सिस्टम, एसेट मैनेजमेंट सिस्टम और इस्पायर्स पोर्टल सहित विभागीय डिजिटल व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया गया। आईएचएम गंगटोक और आईएचसीएई चेमचेय के लिए विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्मों की जानकारी भी साझा की गई। विभाग ने इन पहलों को डिजिटल, समावेशी और नागरिक केंद्रित पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में सिक्किम एडवेंचर टूरिज्म फेस्ट 2026 का भी प्रचार किया गया। एक से 7 नवंबर तक नमची जिले के नामथांग स्थित लिंकेयतर (लिमखिम तार) में होने वाले इस आयोजन में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, ट्रेकिंग और माउंटेन बाइकिंग के साथ स्थानीय व्यंजन, कृषि उत्पाद, हथकरघा, हस्तशिल्प, विरासत कथाएं, योग, विपश्यना और आयुष आधारित वेलनेस गतिविधियां शामिल होंगी।
इस अवसर पर गंगटोक जिले में पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया गया। पर्यटन नवाचार एवं डिजिटल परिवर्तन पुरस्कार के तहत पर्यटन सतत विकास कोष (टीएसडीएफ) में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए समिट ग्रुप ऑफ होटल्स, काजी रोड, लेमन ट्री होटल, लोअर सिचे और द फर्न डेनजोंग होटल एंड स्पा, काजी रोड को सम्मानित किया गया।
नॉर्थ सिक्किम शेयरिंग ट्रैवल एलएलपी के विक्की कुमार अग्रवाल को सर्वश्रेष्ठ नव-पंजीकृत ट्रैवल एजेंसी, एस्टर हॉस्पिटैलिटी एंड सर्विसेज के नेविड गौतम को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली ट्रैवल एजेंसी तथा रुबिना गुरंग को सर्वश्रेष्ठ टूर गाइड का पुरस्कार मिला। जिग्मी दोर्जी तमांग को सर्वश्रेष्ठ ट्रेकिंग गाइड और कंचन राय को सर्वश्रेष्ठ बर्ड गाइड के रूप में सम्मानित किया गया। ऑल सिक्किम लग्जरी व्हीकल ओनर्स कम ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के मणि कुमार गुरंग को सर्वश्रेष्ठ सारथी तथा ताशी व्यू प्वाइंट स्थित ऑब्जर्वेटरी टावर की डेकी डोमा भूटिया को पर्यटन परिसंपत्ति की सर्वश्रेष्ठ पट्टेदार के रूप में सम्मानित किया गया।
130 आरसीसी और 129 आरसीसी, जीआरईएफ, 17वीं माउंटेन डिवीजन लिबिंग हेलीपैड तथा विभिन्न टैक्सी चालक एवं मालिक संघों को पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और कठिन परिस्थितियों में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सड़क बहाली, आपातकालीन सहायता और पर्यटकों की आवाजाही में सहयोग के लिए जीआरईएफ तथा सेना की इकाइयों के योगदान को भी सराहा गया।
कार्यक्रम का समापन पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की सहायक निदेशक विजेता छेत्री के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इससे पहले संयुक्त निदेशक निर्मल चिंतुरी ने स्वागत भाषण दिया।
No Comments: