पर्यटन के साथ स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देगा ‘इकाया’, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने किया उद्घाटन

पाकिम : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रविवार को बरदांग स्थित एएटीटीसी में ‘एकाया वेलनेस फेस्टिवल’ का शुभारंभ किया। यह पहल सिक्किम में अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल एवं युवा मामले तथा कानून एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राजू बस्नेत और सूचना प्रौद्योगिकी, भू-राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विधायक-सह-सलाहकार एलबी दास मौजूद रहे।

पाकिम जिला प्रशासन की ओर से ईब एंड फ्लो तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से सिक्किम इस्पायर्स कार्यक्रम के तहत तैयार किए गए इकाया का उद्देश्य पर्यटन को स्थानीय समुदायों, आजीविका, संस्कृति, खानपान, वेलनेस और प्रकृति से जोड़ना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इकाया के शुभारंभ पर आयोजकों और सभी हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने सिक्किम के पर्यटन क्षेत्र में अनुभव आधारित पर्यटन के विकास के प्रति समर्थन व्यक्त किया तथा स्थानीय समुदायों, उद्यमियों, युवाओं और अन्य हितधारकों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान फेस्टिवल की शुरुआत से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किया गया और आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।

इकाया का उद्देश्य पर्यटन को केवल पारंपरिक दर्शनीय स्थलों तक सीमित रखने के बजाय पर्यटकों को स्थानीय समुदायों और उनकी जीवनशैली से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर देना है। इसके तहत योग एवं वेलनेस सत्र, निर्देशित प्रकृति भ्रमण, पारंपरिक भोजन तैयार करने, मिट्टी के बर्तन बनाने, हस्तशिल्प और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पर्यटकों को किसानों, कारीगरों, होमस्टे संचालकों और अन्य स्थानीय समुदाय के सदस्यों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। गांवों, होमस्टे, खेतों और शिल्प केंद्रों के भ्रमण के माध्यम से प्रतिभागी स्थानीय परंपराओं, सामग्रियों, आजीविका और सांस्कृतिक प्रथाओं को करीब से समझ सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं, महिलाओं, कारीगरों, किसानों, गाइडों, होमस्टे संचालकों और उद्यमियों के लिए पर्यटन से जुड़े नए अवसर विकसित करना भी है। इकाया के माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय समुदायों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं और अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों के बीच संबंध मजबूत हो सके।

इकाया सिक्किम इंस्पायर्स के उद्देश्यों के अनुरूप है। यह सिक्किम सरकार की पहल है, जिसे विश्व बैंक का सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक अवसरों का विस्तार करना तथा महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों को मजबूत करना है।

फेस्टिवल में उद्यमियों, वेलनेस विशेषज्ञों, कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य प्रतिभागियों को शामिल किया गया है, ताकि वे सिक्किम के पर्यटन उत्पादों और स्थानीय अनुभवों से परिचित हो सकें तथा अनुभव आधारित पर्यटन के विकास की संभावनाओं को तलाश सकें। इकाया का व्यापक उद्देश्य सिक्किम में ऐसा अनुभव आधारित पर्यटन तंत्र विकसित करना है, जिसमें स्थानीय समुदायों की अधिक भागीदारी हो और पर्यटन को स्थानीय आजीविका तथा उद्यमिता से मजबूत तरीके से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेव, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डॉ संदीप ताम्बे, स्कूल शिक्षा सचिव ताशी चोपेल, पाक्योंग की जिला कलेक्टर पारि बिश्नोई, नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग, पाकिम के पुलिस अधीक्षक त्सेरिंग शेरपा, पाक्योंग के एडीसी पुलकित, रंगपो की एसडीएम सुजाता सुब्बा, ईब एंड फ्लो की अराधना गुरुंग, विभिन्न संस्थानों के प्रमुख तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics