गेजिंग : राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत आज लेगशेप स्थित एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) केंद्र में ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ विषय पर पोषण जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संतुलित एवं विविध आहार तथा पर्याप्त प्रोटीन के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और कुपोषण की रोकथाम के लिए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में वार्ड पंचायत प्रतिनिधि, लेगशेप एमएसएस समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, गेजिंग जोन-1 के पर्यवेक्षक, जिला पोषण समन्वयक, पोषण निरीक्षक, विद्यार्थी, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्यवेक्षक ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए भोजन में अनाज, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, दूध एवं दुग्ध उत्पाद सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, स्वस्थ गर्भावस्था, स्तनपान और शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत के लिए पर्याप्त प्रोटीन बेहद जरूरी है।
वार्ड पंचायत प्रतिनिधि ने स्थानीय, मौसमी और पारंपरिक खाद्य पदार्थों के अधिक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री न केवल किफायती और आसानी से सुलभ होती है, बल्कि आवश्यक पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने अपने संबोधन में पोषण संबंधी गतिविधियों में सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताते हुए कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रत्येक परिवार को जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान विविध आहार एवं पर्याप्त प्रोटीन विषय पर प्रतियोगिता और पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न पौष्टिक एवं प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर संतुलित भोजन तैयार करने के तरीके बताए। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और मातृ-शिशु कल्याण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ प्रत्येक परिवार और समुदाय के सामूहिक प्रयासों को पोषण अभियान की सफलता का आधार बताया गया।
No Comments: