गंगटोक : सिक्किम सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने और आम लोगों को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लुमसे में अत्याधुनिक ‘जन सेवा भवन’ का निर्माण किया है। करीब 3 लाख 26 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैला यह एकीकृत प्रशासनिक परिसर तीन खंडों-ए, बी और सी-में तैयार किया गया है। तीनों खंडों में कुल 500 से अधिक कमरे और 300 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है।
सूचना एवं जन संपर्क विभाग के अनुसार, खंड-ए की दूसरी से पांचवीं मंजिल तक शिक्षा विभाग के विभिन्न अनुभागों को स्थान दिया गया है। वहीं भूतल और पहली मंजिल शहरी विकास विभाग के लिए निर्धारित की गई है, जिसे यहां स्थानांतरित करने की योजना है। वहीं, खंड-बी में भूतल से दूसरी मंजिल तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कार्यालय हैं, जबकि तीसरी से पांचवीं मंजिल तक ग्रामीण विकास विभाग को जगह दी गई है।
इसी तरह, खंड-सी में जल संसाधन विभाग को भूतल, पहली मंजिल और प्रथम तलघर में स्थान मिला है। सहकारिता़ विभाग दूसरी मंजिल पर है, जबकि सिक्किम लोक सेवा आयोग के लिए दूसरे और तीसरे तलघर में अलग कार्यालय व्यवस्था की गई है।
जन सेवा भवन में आधुनिक बैठक और डिजिटल संचार सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां 114 लोगों की क्षमता वाला गोलमेज सभागार, दो 10-सीटर वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष और 18-सीटर सभागार बनाया गया है।
इसके अलावा, परिसर को पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष बनाने के लिए सौर ऊर्जा प्रणाली लगाई गई है। इसे हरित भवन प्रमाणन भी प्राप्त है। विशेष रूप से डिजाइन की गई कांच की छत से भवन के अंदर प्राकृतिक रोशनी पहुंचती है, जिससे कृत्रिम प्रकाश की आवश्यकता कम होती है। दोहरी परत वाली कांच की खिड़कियां ताप नियंत्रण और ऊर्जा बचत में मदद करती हैं। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए आधुनिक विद्युत तथा यूपीएस प्रणाली भी उपलब्ध कराई गई है।
साथ ही, आम लोगों की सुविधा के लिए दिव्यांगजनों हेतु रैंप और अलग शौचालय, पेयजल सुविधा, पार्किंग और स्पष्ट दिशा-सूचक पट्टिकाएं लगाई गई हैं। जल संरक्षण के लिए परिसर में 5 लाख 28 हजार लीटर क्षमता की वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित की गई है। लुमसे स्थित जन सेवा भवन तक पहुंचने के लिए पांच माइल क्षेत्र से टैक्सी सुविधा भी उपलब्ध है। इससे गंगटोक और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में आसानी होगी।
उल्लेखनीय है कि जन सेवा भवन परियोजना का निर्माण 24 मार्च 2023 को शुरू हुआ था और इसे निर्धारित तीन वर्ष की अवधि में 23 मार्च 2026 को पूरा कर लिया गया। परियोजना की आधारशिला केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 28 फरवरी 2023 को रखी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल 2026 को इसका वर्चुअल उद्घाटन किया।
आईपीआर विभाग की ओर से बताया गया है कि ताशीलिंग सचिवालय परिसर से विभिन्न विभागों को जन सेवा भवन में स्थानांतरित करने का उद्देश्य पुराने सचिवालय पर दबाव कम करना और विभागों को समुचित एवं समर्पित कार्यालय स्थान उपलब्ध कराना है। आधुनिक सुविधाओं, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन और जनसुविधाओं से लैस जन सेवा भवन को सिक्किम में सरकारी कामकाज और सार्वजनिक सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल माना जा रहा है।
No Comments: